कुवि के दूसरे गेट से आने जाने वालों पर मधु मक्खियों का हमला
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के द्वितीय द्वार से आवाजाही कर रहे लोगों पर रविवार को अचानक मधु मक्खियों ने हमला बोल दिया। मधु मक्खियों के अचानक हमले से यहां से गुजर रहे लोगों में भगदड़ मच गई।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के द्वितीय द्वार से आवाजाही कर रहे लोगों पर रविवार को अचानक मधु मक्खियों ने हमला बोल दिया। मधु मक्खियों के अचानक हमले से यहां से गुजर रहे लोगों में भगदड़ मच गई। जबकि एक महिला सहित पांच घायल एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे। जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
एलएनजेपी अस्पताल में उपचाराधीन नीरज, मंजू देवी, माणिक, अजय और विनय ने बताया कि वे द्वितीय द्वार पर थे और अपने घर की ओर लौट रहे थे। इतने में एकाएक मधु मक्खियों ने हमला बोल दिया। मधु मक्खियों ने जैसे ही काटना शुरू किया लोग इधर-उधर भागने लगे। मधु मक्खियों ने मुंह के साथ-साथ हाथ व पांव पर भी काट लिया। द्वितीय गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मचारियों ने आग लगाकर और कंबल ढक ढककर वहां से घायलों को मधु मक्खियों की चपेट से बाहर निकाला। इसकी वजह से पांच घायल हो गए। इनमें से एक मरीज विनय की हालत ज्यादा बिगड़ गई, जिसे कुछ लोग एलएनजेपी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां आकर भी मरीज की हालत काफी देर बिगड़ी रही।