बारिश से लबालब हुआ शहर, कई जगह जलभराव
सोमवार दोपहर को एकाएक हुई तेज बारिश से मौसम खुशगवार हो गया।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : सोमवार दोपहर को एकाएक हुई तेज बारिश से मौसम खुशगवार हो गया। मौसम में ठंडक आने से लोगों ने उमस भरी गर्मी से राहत महसूस की। मगर 20 मिनट की इस बारिश से शहर की सड़कें पानी से लबालब हो गई। कई निचले इलाकों में बने घर, दुकानों में पानी घुस गया। यहां तक कि पार्वती विहार स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया के भीतर भी पानी घुस गया। हालांकि बारिश बंद होने के साथ ही सभी कर्मियों ने मिलकर पानी को बाहर निकाल दिया। लेकिन तब तक कर्मी अपनी कुर्सियों पर पांव ऊपर करके बैठे रहे। वहीं बैंक में आने वाले ग्राहक भी इस नजारे को देखकर हैरान रह गए। उधर पॉश कॉलोनियों में रहने वाले कई लोगों के घरों में भी यही हाल रहा। मुख्य बाजार में तो सड़कों पर डेढ़ से दो फुट पानी चला।
सोमवार को सुबह ही उमस भरी गर्मी ने अपना प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया था। हालांकि आसमान पर बादल नजर आ रहे थे, लेकिन उमस का प्रभाव ज्यादा था। एकाएक साढ़े 11 बजे आसमान पर काली घटाए छा गई और तेज बारिश शुरू हो गई। इस बारिश से तुरंत उमस का प्रभाव कम हो गया। मगर बारिश की वजह से सड़कें पानी से लबालब हो गई। महज 20 मिनट में कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए। हालांकि नाला बनने के कारण रेलवे रोड पर राहत रही। मगर रेलवे रोड के साथ लगती कई कॉलोनियों में अब तक राहत नहीं मिल पाई है। विष्णु कॉलोनी, न्यू कॉलोनी सपड़ा कॉलोनी, राजेंद्रा कॉलोनी, दुखभंजन कॉलोनी में जलभराव हो गया। इसके अलावा शहर में चक्रवर्ती मोहल्ला, महादेव मोहल्ला, गुदड़ी मोहल्ला, मोहन नगर, सेक्टर दो, तीन, चार व अन्य में भी खाली प्लाटों में जलभराव हो गया। मुख्य सड़कों पर भी दो से ढाई फुट पानी जमा हो गया। कुरुक्षेत्र पैनोरमा एवं विज्ञान केंद्र के मुख्य द्वार में भी जलभराव हो गया। वहीं गुलजारी लाल नंदा मार्ग पर कई जगह जलभराव हुआ। झांसा रोड, देवीलाल चौक व महाराणा चौक पर जलभराव होने से यातायात व्यवस्था भी बिगड़ गई और वाहनों की लंबी कतारें रह गई। यहां से पैदल गुजरने वाले राहगिरों को खासी परेशानी उठानी पड़ी।