विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

14 में से 13 मांगों पर नायब सरकार ने दी सहमति, पक्का करने की मांग पर अड़े सफाई कर्मचारी; कैबिनेट मंत्री के साथ हुई बैठक

Published: Sat, 22 Aug 2026 10:12 PM (IST)Updated: Sat, 22 Aug 2026 10:42 PM (IST)

कुरुक्षेत्र में हरियाणा के मंत्री कृष्ण कुमार बेदी और हड़ताली सफाई कर्मचारियों के बीच बैठक हुई। 14 में से 13 ...और पढ़ें

कैबिनेट मंत्री बेदी के साथ दो दौर की हुई बैठक। फोटो जागरण

कैबिनेट मंत्री बेदी के साथ दो दौर की हुई बैठक। फोटो जागरण


HighLights

  1. मंत्री और हड़ताली कर्मचारियों के बीच दो दौर की बैठक हुई।

  2. 14 में से 13 मांगों पर सरकार ने जताई सहमति।

  3. कर्मचारियों को पक्का करने की मांग पर अटका मामला।

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। हरियाणा के सामाजिक, न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी और हड़ताली सफाई कर्मचारी प्रतिनिधियों के बीच शनिवार को दो दौर की बैठक हुई। बातचीत में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा व हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की 10 सदस्यीय कमेटी शामिल हुई। जिमखाना क्लब में हुई दो दौर की बैठक करीब साढ़े तीन घंटे तक चलीं।

बैठकों में 14 मांगों में से 13 मांगों पर सरकार ने सहमति जता दी, मगर कर्मचारियों को पक्का करने की मांग पर मामला अटक गया। कैबिनेट मंत्री ने कर्मचारी नेताओं को कहा कि सरकार द्वारा इस मामले में कानूनी राय ली जा रही है। जल्द ही इसका हल निकाल लिया जाएगा।

साथ ही उन्होंने प्रतिनिधिमंडल की जल्द ही मुख्यमंत्री से भी बातचीत कराए जाने की बात कही। वहीं, कर्मचारी संघ के स्टेट प्रधान नरेश शास्त्री ने कहा कि उनकी पक्का करने की मांग ही सबसे प्रमुख मांग है और जब तक यह मांग पूरी नहीं होती तब तक हड़ताल खत्म नहीं होगी।

एसडीएम पहुंचे मनाने

पहले दौर में करीब दो घंटे तक बैठक चली। कर्मचारियों की मांगों के लिए कई मुद्दों पर सहमति नहीं बनी। बैठक से बाहर आकर यूनियन के स्टेट प्रधान नरेश शास्त्री ने कहा कि सरकार के साथ कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर बातचीत हुई, लेकिन कुछ मुद्दों पर मतभेद बरकरार है। सरकार कर्मचारियों को पक्का नहीं करना चाहती।

ठेका खत्म नहीं करना चाहती। जो सफाई कर्मचारी हैं जो मैला उठाते हैं उनके साथ भेदभाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान कैबिनेट मंत्री बैठक से उठकर चले गए। इसके बाद यूनियन के पदाधिकारी भी बैठक से बाहर आ गए। इसके बाद एसडीएम अमन कुमार यूनियन नेताओं को मनाने के लिए पहुंचे।

यह भी पढ़ें- हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी देने को हरियाणा सरकार तैयार, अब हर महीने इतनी मिलेगी सैलरी

मांगों से पीछे नहीं हटेंगे : नरेश शास्त्री

प्रदेश अध्यक्ष नरेश शास्त्री ने कहा कि कर्मचारी हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। मंत्री की ओर से दूसरे दौर में बातचीत के लिए न्योता आया, जिसके बाद यूनियन पदाधिकारी फिर से बैठक में शामिल हुए। यूनियन बातचीत के जरिये समस्या का समाधान चाहती है लेकिन कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस फैसला चाहिए।

बैठक में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेश प्रधान नरेश शास्त्री, महासचिव मांगे राम तिंगरा, वरिष्ठ उपप्रधान रमेश तोशामड़, उपप्रधान राजेश बागड़ी, मुख्य संगठनकर्ता शिवचरण, प्रदेश कमेटी सदस्य अशोक, हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन प्रदेश प्रधान राजेश सिणद, महासचिव गुलशन भारद्वाज, राज्य सचिव मनजीत भुल्लर, जय प्रकाश शामिल रहे।

पक्का करने पर ली जा रही कानूनी राय : कैबिनेट मंत्री

हर मांग व समस्याओं पर गहनता से विचार विमर्श किया गया। जल्द मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ यूनियन के पदाधिकारियों की बातचीत करवाएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, आयुक्त अशोक मीणा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा सहित यूएलबी के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। कृष्ण बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बातचीत की ड्यूटी लगाई थी।

आज यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बातचीत की है। इससे पहले भी पांच अगस्त को यूनियन के साथ बातचीत की थी। इस दौरान सरकार के सामने 14 मांगों को रखा गया था, इनमें से 13 मांगों पर सरकार ने सहमति जताई है। कर्मचारियों को पक्का करने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट व हाई कोर्ट के आदेशों की पालना करने के लिए कानूनी राय ली जा रही है।