हरियाणा: लाडवा के किसान ने गन्ने की खेती में रचा इतिहास, देश के 13 प्रगतिशील किसानों में बनाई जगह
लाडवा के प्रगतिशील किसान कुलदीप सिंह को कानपुर के राष्ट्रीय शर्करा संस्थान ने गन्ने की रिकॉर्ड पैदावार के लिए सम्मानित ...और पढ़ें
-1792228963143_m.webp)
हरियाणा के दो सहित देशभर के 13 प्रगतिशील किसानों को मिला अवॉर्ड (फाइल फोटो)
HighLights
लाडवा के किसान कुलदीप सिंह को मिला राष्ट्रीय सम्मान
गन्ने की रिकॉर्ड 1365 क्विंटल प्रति हेक्टेयर पैदावार
आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग से मिली यह सफलता
संवाद सहयोगी, लाडवा। मेहनत, लगन और आधुनिक कृषि तकनीक के दम पर खेती को नई दिशा देने वाले लाडवा खंड के गांव बूढ़ा के प्रगतिशील किसान कुलदीप सिंह ने क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित राष्ट्रीय शर्करा संस्थान की ओर से उन्हें गन्ने की रिकॉर्ड पैदावार लेने के लिए सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में हरियाणा के दो किसानों सहित पूरे देश से चयनित 13 प्रगतिशील किसानों को अवार्ड देकर सम्मानित किया गया।
कुलदीप सिंह को यह सम्मान नई एवं मशीनी तकनीकों को अपनाकर गन्ने की बेहतर पैदावार हासिल करने के लिए प्रदान किया गया है। अवार्ड लेकर लौटे कुलदीप सिंह ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें यह सम्मान सरस्वती शुगर मिल यमुनानगर के सहयोग से प्रति हेक्टेयर 1365 क्विंटल गन्ने की पैदावार हासिल करने पर मिला है।
खेती में आधुनिक तकनीक और मशीनों का इस्तेमाल करके न केवल उत्पादन बढ़ाया जा सकता है, बल्कि खेती की लागत और मेहनत को कम करने में भी मदद मिलती है। इसी सोच के साथ वह पिछले कई वर्षों से गन्ने की खेती में नई तकनीकों को अपना रहे हैं।
500 क्विंटल तक ले रहे पैदावार
किसान कुलदीप सिंह ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से लगातार प्रति एकड़ करीब साढ़े 500 क्विंटल तक गन्ने की पैदावार ले रहे हैं। उनके अनुसार, बेहतर उत्पादन के लिए समय पर कृषि कार्य करना, आधुनिक मशीनों का सही इस्तेमाल और फसल की जरूरतों के अनुसार खेती की तकनीकों को अपनाना बेहद जरूरी है।
पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ नई मशीनी तकनीकों का समन्वय करके किसान अपनी पैदावार में उल्लेखनीय सुधार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को खेती में नई तकनीकों को अपनाने के साथ-साथ कृषि विशेषज्ञों की सलाह और वैज्ञानिक तरीकों पर भी ध्यान देना चाहिए।
कुलदीप सिंह को उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित राष्ट्रीय शर्करा संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी और संस्थान की निदेशक सीमा ने सम्मानित किया। इस उपलब्धि से रिंकू छाबड़ा, बलदेव मलिक व गांव बूढा के पूर्व सरपंच मेघराज सिंह व क्षेत्र के किसान में खुशी का माहौल है। कुलदीप सिंह की सफलता उन किसानों के लिए प्रेरणादायक है, जो आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर कम लागत में अधिक उत्पादन हासिल करना चाहते हैं।
