सफाई आधी-अधूरी, दावे पूरे
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को पांच दिन बाकी हैं। प्रशासन और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड एक महीने से पर्यटकों को लुभाने के लिए धर्मनगरी को सजाने के दावे कर रहा है। धरातल पर प्रशासन और केडीबी की तैयारी दावों से बहुत पीछे दिख रही है।
-जागरण पड़ताल में सफाई का सच आया सामने
-2 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव होगा शुरू जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को पांच दिन बाकी हैं। प्रशासन और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड एक महीने से पर्यटकों को लुभाने के लिए धर्मनगरी को सजाने के दावे कर रहा है। धरातल पर प्रशासन और केडीबी की तैयारी दावों से बहुत पीछे दिख रही है। यानी प्रशासन की तरफ से दावे पूरे हैं, लेकिन तैयारी आधी अधूरी हैं। अगर हम बात शहर की सफाई की ही करें तो रेलवे रोड जैसी मुख्य सड़क के डिवाइडर से जंगली घास तक नहीं काटी जा सकी। यही हाल ब्रह्मासरोवर के आसपास और इसकी सड़कों का है। हालांकि प्रशासन ने रेलवे रोड पर एक दो फव्वारा चलाकर दावे को पेश किए, लेकिन इसके पास ही डिवाइडर में लगे कूड़े के ढेर दिखाई नहीं दिए।
दैनिक जागरण ने शनिवार को साफ सफाई का सच दिखाने के लिए ग्राउंड रिपोर्ट की। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में अधिकतर पर्यटक ट्रेन से आते हैं। रेलवे स्टेशन से बाहर निकलते ही धर्मनगर में गदंगी के दर्शन होने शुरू जाते हैं। रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क भी आधी अधूरी है। हालांकि इस सड़क को स्वर्ण मंदिर अमृतसर की सड़क की तर्ज पर बनाने के सपने दिखाए थे। धरातल पर सड़क के नाम पर दावों का प्रोजेक्ट ही नजर आएगा।
भगवान परशुराम चौक से केडीबी तक गंदगी के ढेर
रेलवे रोड पर भगवान परशुराम चौक से गुरुद्वारा छठी पातशाही तक डिवाइजर के बीचोंबीच जगंली घास खड़ी है। यहां डिवाइडर में ही कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। एक जगह मोटर खराब होने से फव्वारा बंद पड़ा। होटल पर्ल मार्क के पास दो फव्वारे चल रहे हैं। इनके आसपास भी जंगली घास खड़ी है। पैनोरमा के गेट पर केडीबी की तरफ मुड़ते ही बड़ी-बड़ी घास खड़ी है। पिपली से थर्ड गेट सड़क बस या अपने व्हीकल से आने वाले पर्यटकों के लिए मुख्य रास्ता है। इस सड़क के आसपास कई जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं।
सरोवर के आसपास ही पड़ा कूड़ा
ब्रह्मासरोवर पर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। दो दिसंबर को सरस और क्राफ्ट मेले के साथ महोत्सव शुरू होगा। इससे पहले 28 नवंबर रविवार को ब्रह्मासरोवर के पुरुषोतमपुरा बाग से महिलाओं व पुरुषों की मैराथन होगी। ब्रह्मासरोवर के पूर्व की दिशा में अर्जुन चौक से 100 फुटा रोड तक केडीबी की पार्किंग में जगह-जगह कूड़ा पड़ा है। विदित है कि अनाज मंडी में जगह न होने पर केडीबी की पार्किंग में धान डाला गया था। एजेंसी धान उठा ले गई, लेकिन सफाई के बाद निकला कूड़ा छोड़ दिया गया। पिछले दिनों सफाई करवाई गई थी, लेकिन यहां पूरी तरह से सफाई नहीं हो पाई है।
रेलवे रोड और पिपली गीता द्वार पर फव्वारों का सुंदरीकरण बढ़ा
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि रेलवे रोड और पिपली गीता द्वार पर फव्वारों के चलने से शहर के सुंदरीकरण में चार चांद लग गए है। शहर स्वच्छता पर फोकस रखकर काम किया जा रहा है। स्वच्छता अभियान को गीता महोत्सव के बाद भी निरंतर जारी रखा जाएगा। पर्यटकों को देखते हुए शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। किसी तरह की कमी को जल्द ही पूरा करा दिया जाएगा।
वर्जन :
ब्रह्मासरोवर की पार्किंग में धान उतारा गया था। यहां धान के अवशेष पड़े हुए थे। बड़ी ढेरियों को उठवा दिया गया था। बाकी सफाई भी करवाई जाएगी। पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
मदन मोहन छाबड़ा, मानद सचिव, केडीबी।