गुरु गोबिद सिंह जी ने संपूर्ण मानवता को एकता के सूत्र में पिरोया : गर्ग
संवाद सूत्र बाबैन खालसा सेवा दल की ओर से बाबैन अनाज मंडी में विशाल कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंजाब व अन्य राज्यों से पहुंचे रागी जत्थों ने गुरबाणी कर सिख इतिहास पर प्रकाश डाला।
संवाद सूत्र, बाबैन : खालसा सेवा दल की ओर से बाबैन अनाज मंडी में विशाल कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंजाब व अन्य राज्यों से पहुंचे रागी जत्थों ने गुरबाणी कर सिख इतिहास पर प्रकाश डाला। पटियाला से पहुंचे अमरजीत सिंह ने कहा कि सिख इतिहास बलिदान व संघर्ष से भरा हुआ है। मानवता की रक्षा करना सिख इतिहास का प्रमुख ध्येय रहा है और इसके लिए जो कुर्बानियां दी हैं उसका कोई भी सानी नहीं है।
अमरजीत सिंह ने सिख युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आधुनिकता के साथ-साथ अपनी सभ्यता को भी साथ लेकर चलना चाहिए। कीर्तन दरबार में समाज सेवी संदीप गर्ग लाडवा व डीएसपी गुरमेल सिंह को समाज के प्रति अतुलनीय योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया। संदीप गर्ग ने कहा कि दसवें गुरू श्रीगुरू गोबिद सिंह का जीवन पूरी मानव जाति के लिए मार्गदर्शक हैं कि किस तरह से गुरू जी ने मानवता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार गुरुगोबिद सिंह ने कभी भी धर्म में फर्क न कर सभी धर्मो में एकता व भाईचारे को बढ़ावा दिया था आज हमे उन्हीं के दिखाए रास्ते का अनुसरण करना चाहिए। इस अवसर पर मोहन सिंह, इंद्र सिंह, अमरजीत सिंह, अवतार सिंह, गुरदीप सिंह, हरजिद्र सिंह मौजूद रहे।