अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2019 में गुरदास मान और अमिषा पटेल देंगी प्रस्तुति : वर्धन
23 नवंबर से शुरू होने जा रहे गीता जयंती महोत्सव में इस बार पंजाबी गायक गुरदास मान और अभिनेत्री अमिषा पटेल आकर्षण का केंद्र होंगे।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के निदेशक सौभाग्य वर्धन बृहस्पति ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में इस बार प्रसिद्ध गायक गुरदास मान और मशहूर फिल्म अभिनेत्री अमिषा पटेल शिरकत करेंगी। ये कलाकार सांस्कृतिक संध्या के कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुति देंगे। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन 23 नवंबर से 10 दिसंबर 2019 तक किया जाएगा। वह मंगलवार को कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के कार्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे।
सौभाग्य वर्धन ने कहा कि तीन से आठ दिसंबर तक महोत्सव के मुख्य कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस बार गीता महोत्सव में 28 राज्यों तथा नौ केंद्रशासित प्रदेशों के प्रसिद्ध लोक कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे तथा महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय स्तर के अवार्ड विजेता शिल्पकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने बताया कि केडीबी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों से संबंधित तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। तीन से पांच दिसंबर तक कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में गीता पर सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के अंर्तगत आठ दिसंबर को थीम पार्क में करीब 18 हजार बच्चों द्वारा गीता श्लोकों का उच्चारण किया जाएगा। इसके अलावा 22 नवंबर से 10 दिसंबर तक रोजाना भजन संध्या व गीता आरती का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने निदेशक को बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में इस वर्ष उत्तराखंड राज्य पार्टनर और नेपाल देश पार्टनर के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगे। इस देश और प्रदेश से शिल्पकला और सांस्कृतिक गतिविधियों का आदान-प्रदान होगा। इस मौके पर केडीबी सदस्य सौरभ चौधरी, सदस्य रविद्र सांगवान, एआईपीआरओ बलराम शर्मा सहित सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जुड़े संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।