पांच लाख आहुतियों के साथ पूर्ण हुआ 14वां नवग्रह शनि महायज्ञ
माडल टाउन स्थित श्री दक्षिणा काली पीठ में महंत बंसीपुरी की प्रेरणा से आयोजित चार दिवसीय 14वां नवग्रह शनि महायज्ञ पांच लाख आहुतियों के साथ संपन्न हुआ।
संवाद सहयोगी, पिहोवा : माडल टाउन स्थित श्री दक्षिणा काली पीठ में महंत बंसीपुरी की प्रेरणा से आयोजित चार दिवसीय 14वां नवग्रह शनि महायज्ञ पांच लाख आहुतियों के साथ संपन्न हुआ। पंडित अभिषेक कुश सहित 21 ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धालुओं व यजमानों से यज्ञ में पूर्णाहुति डलवाई। इस मौके पर भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें पूंडरी के विधायक दिनेश कौशिक सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। पीठ के संस्थापक महंत बंसी पुरी व व्यवस्थापक स्वामी खट्वांग पुरी ने बताया कि पांच कुंडीय शनि महायज्ञ में पांच लाख आहुतियां डालने का उद्देश्य सृष्टि का कल्याण व सुख शांति है। जिस पर शनिकृत अढैया, साढ़े साती व अन्य नवग्रह जन्य दोष हो तो उनकी निवृति के लिए शनि महायज्ञ सबसे सुगम उपाय है। इस मौके पर महंत बंसी पुरी, स्वामी उत्तम गिरी, महंत भीम पुरी, स्वामी कर्णपुरी, सत्यमन गिरी, सर्वेश्वरी गिरी, स्वामी संतोष गिरी, महंत जयदेव पुरी मौजूद रहे।