अंबाला और हिसार हाईवे पर वन विभाग ने किया पौधारोपण
वन अधिकारियों का कहना है कि कई किस्में रोगों के लिए निवारक साबित होंगी। इनमें अर्जुन नीम और जगरंडा प्रमुख हैं।
संवाद सहयोगी, इस्माईलाबाद : वन विभाग ने इस्माईलाबाद रेंज में अंबाला-हिसार हाईवे के दोनों ओर 11 हजार 500 पौधे रोपित करने का लक्ष्य पूरा कर लिया है।
वन विभाग ने बरसात के मौसम से पहले पौधारोपण आरंभ किया था। इस्माईलाबाद रेंज के वन इंचार्ज राज कुमार ने बताया कि फलदार और छायादार दोनों प्रकार के पौधे रोपित किए गए हैं। इनमें शीशम, जामुन, मोलथली, अजरुन, कदम, घुमार, जगरंडा आदि किस्में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कस्बे के बीच से गुजरते पुराने हाइवे के दोनों ओर भी पौधे रोपित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इन पौधों के संरक्षण के लिए कर्मचारियों की टीमें लगाई गई हैं, जो कि समय समय पर खाद व पानी देंगे।
कई किस्में रोग मुक्त करने वाली
वन अधिकारियों का कहना है कि कई किस्में रोगों के लिए निवारक साबित होंगी। इनमें अर्जुन, नीम और जगरंडा प्रमुख हैं। अधिकारियों का कहना है कि हाईवे के दोनों ओर तीन लेयर में पौधारोपण किया गया है। इनकी छाया से भी ग्रामीण लाभान्वित होंगे।