युवाओं को रोजगार और विकास होगा प्राथमिकता: सपना बड़शामी
शेर सिंह बड़शामी लाडवा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं और इस बार इनेलो की टिकट पर उनकी पुत्रवधू सपना बड़शामी चुनाव लड़ रही है। इनेलो प्रत्याशी सपना बड़शामी सुबह पूजा पाठ कर अपने ससुर पूर्व विधायक शेर सिंह बड़शामी व सास बच्चन कौर से आशीर्वाद लेकर अपने दोनों बेटों के साथ चुनाव प्रचार में निकल जाती है।
संवाद सहयोगी, लाडवा : शेर सिंह बड़शामी लाडवा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं और इस बार इनेलो की टिकट पर उनकी पुत्रवधू सपना बड़शामी चुनाव लड़ रही है। इनेलो प्रत्याशी सपना बड़शामी सुबह पूजा पाठ कर अपने ससुर पूर्व विधायक शेर सिंह बड़शामी व सास बच्चन कौर से आशीर्वाद लेकर अपने दोनों बेटों के साथ चुनाव प्रचार में निकल जाती है। दैनिक जागरण ने उनसे कई मुद्दों पर बातचीत की। सवाल : विधानसभा चुनाव में क्या-क्या मुख्य मुद्दे हैं, जिन्हें आप चुनाव प्रचार के दौरान उठा रही है?
जवाब : दस साल के कांग्रेस व पांच साल के भाजपा के शासनकाल में लाडवा हलके के युवाओं के साथ नौकरियों व विकास कार्य में भेदभाव किया गया है। विकास कार्य न होने से लाडवा हलका पिछड़ गया है। रोजगार दिलवाना व हलके विकास कार्य कराना प्राथमिकता रहेगी। सवाल: भाजपा व कांग्रेस ने घोषणापत्र में कई वायदे किए हैं?
जवाब: भाजपा ने पिछले चुनाव में किए गए वादों को आज तक पूरा नहीं किया है। कांग्रेस ने अपने दस साल के शासनकाल में जनता की भलाई के लिए कोई काम नहीं किया था। इनेलो की सरकार बनने पर किसानों, कमेरा वर्ग, मजदूरों, गरीबों, दलितों के कर्जे माफ किए जाएंगे। सवाल: विधायक चुने जाने के बाद क्या प्राथमिकता होगी?
जवाब: लाडवा में कन्या महाविद्यालय, बाइपास, सड़कों चौड़ा कराया जाएगा। युवाओं को रोजगार व महिलाओं की सुरक्षा अहम होगी। सवाल: भाजपा ने किसानों की आय 2022 तक दुगुनी करने की बात की है। आपकी पार्टी किसानों के लिए क्या अलग करेगी।
जवाब : कांग्रेस की तरह भाजपा राज में किसानों का शोषण हो रहा है। किसानों को न्यूनतम समर्थन भी नहीं मिल पा रहा है। इनेलो ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो किसानों, मजदूरों, गरीबों, दलितों, पिछड़ों, दुकानदारों, कर्मचारियों के हित की बात करती है।