वनस्पति विभाग के डा. सोमवीर बने कुवि टीचर्स क्लब के अध्यक्ष
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के टीचर्स क्लब की प्रधानी का ताज वनस्पति विभाग के डा. सोमवीर के सिर सजा है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के टीचर्स क्लब की प्रधानी का ताज वनस्पति विभाग के डा. सोमवीर के सिर सजा है। डा. सोमवीर ने टीचर्स क्लब की प्रधानी के लिए मंगलवार को हुए चुनावों में 31 वोट से जीत दर्ज कराई है। इन चुनावों में उन्हें कुल 119 वोट मिले हैं, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी को 88 वोट मिले हैं। प्रधान के तीसरे उम्मीदवार डा. संजय शर्मा को 62 वोट मिले हैं। अब प्रधान कार्यकारिणी का बनाएंगे।
चुनाव अधिकारी डा. कृष्ण चंद्र पांडे ने बताया कि मंगलवार को सुबह 10 बजे मतदान शुरू हुआ। यह दो बजे तक रहा। इसमें 361 में 273 शिक्षकों ने वोट डाले। इसके लिए 27 अक्टूबर को नामांकन किया गया था। इसके लिए तीन शिक्षकों ने ही नामांकन किया था। 29 को नाम वापसी लेने के बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की गई थी।
आठ वोट पोस्टल बैलेप पेपर से भेजे
कृष्ण चंद्र पांडे ने बताया 273 वोटरों ने अपने वोट का प्रयोग किया। इनमें से आठ वोट पोस्टल बैलेट पेपर से भेजे गए। उन्होंने बताया कि वनस्पति विभाग से डा. सोमवीर को 119, विधि संस्थान से डा. जयकिशन भारद्वाज को 88 और इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटिड एंड ऑनर्स स्टडीज से डा. संजय शर्मा को 62 वोट मिले। तीन वोट रद किए गए हैं। चुनाव में किसी भी मतदाता को बिना मास्क के केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया गया। इसके साथ उचित शारीरिक दूरी का भी पूरी तरह से ध्यान रखा गया। अब नवचयनित प्रधान को अपनी कार्यकारिणी गठन का अधिकार है।