डॉ. संजीव 49 तो डॉ. मुकेंद्र कादियान 40 वोट लेकर बने ईसी के सदस्य
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की कार्यकारिणी परिषद के दो पदों पर चुनाव हुए। डॉ. संजीव 49 तो डॉ. मुकेंद्र कादियान 40 वोट लेकर ईसी के सदस्य बने हैं।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की कार्यकारिणी परिषद के दो पदों को लेकर हुए चुनावों में डॉ. संजीव शर्मा और डॉ. मुकेंद्र कादियान ने मैदान मार लिया है। इन दोनों पदों को लेकर शुक्रवार को हुए मतदान में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कुटा) के अध्यक्ष डॉ. संजीव शर्मा को 49 मत मिले हैं, इसी तरह दूसरे विजेता डॉ. मुकेंद्र कादियान को 40 वोट मिले हैं। इन दोनों पदों के लिए कुल पांच उम्मीदवार मैदान में उतरे थे।
कार्यकारिणी परिषद के चुनाव निर्वाचन अधिकारी एकेडमिक ब्रांच के सहायक कुलसचिव डॉ. दीपक शर्मा ने बताया कि इन चुनावों के लिए कुल 104 असिस्टेंट और एसोसिएट प्रोफेसर में से 101 वोट पोल हुई हैं। इनमें से दो वोट को अवैध घोषित किया गया है। उन्होंने बताया कि डॉ. संजीव शर्मा को 49, डॉ. मुकेंद्र कादियान को 40 वोट मिले हैं। इसी तरह इस्ट्रूमेंटेशन विभाग के डॉ. जयपाल को 24, फिजिक्स विभाग के डॉ. मनीष को 23 और पंजाबी विभाग के डॉ. कुलदीप सिंह को 20 वोट मिले हैं।