कई बूथों पर दिव्यांगों को नहीं मिल पाई सुविधा
लोकसभा चुनाव 2019 के लिए रविवार को हुए मतदान के मौके पर कई बूथों पर बुजुर्गों और दिव्यांगों को कोई सुविधा नहीं मिल पाई।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
चुनाव आयोग की ओर से पिछले कई दिनों से मतदान के दौरान सभी बूथों पर दिव्यांगों के लिए व्हील चेयर व अन्य सुविधाएं उपलब्ध होने के दावे खोखले निकले। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए रविवार को हुए मतदान के मौके पर कई बूथों पर बुजुर्गों और दिव्यांगों को कोई सुविधा नहीं मिल पाई। कोई ऐसी सुविधा ना होने पर दिव्यांगों ने कई अड़चनों को पार कर मतदान केंद्र तक पहुंचना पड़ा।
गांव बारना में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बने पोलिग स्टेशन पर दिव्यांग व बुजुर्गों के लिए कोई व्हील चेयर की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। गांव से आई महिला बुजुर्ग और बीमारों को भी मजबूरी में बगैर व्हील चेयर के ही परिजनों का सहारा लेकर बूथ तक पहुंचना पड़ा। ऐसे ही हालात थानेसर के मुख्य बाजार स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में दिखे। इस बूथ पर भी बुजुर्गों और महिलाओं को कड़ी मशक्कत के बाद बूथ तक पहुंचना पड़ा। जब एक बुजुर्ग महिला को व्हील चेयर उपलब्ध नहीं हो पाई तो कुर्सी का सहारा लेकर बूथ तक पहुंचने का प्रयास किया। ऐसे में कुछ महिला पुलिस कर्मियों ने बुजुर्ग महिला को सहारा देकर बूथ तक पहुंचाया। कुछ ऐसे ही हालात कई अन्य पोलिग स्टेशनों पर भी रहे।