11 की बैठक में लिया जाएगा दिल्ली चुनाव पर फैसला : निशान सिंह
जजपा के प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनावों में पार्टी के चुनाव लड़ने का फैसला 11 जनवरी की बैठक में लिया जाएगा। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक के बाद ही अपना रुख स्पष्ट करेगी।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : जजपा के प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनावों में पार्टी के चुनाव लड़ने का फैसला 11 जनवरी की बैठक में लिया जाएगा। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक के बाद ही अपना रुख स्पष्ट करेगी। हालांकि उन्होंने बातों ही बातों में इशारा भी किया कि प्रदेश में पार्टी का भाजपा के साथ गठबंधन है।
वह बुधवार को जजपा के सदस्यता अभियान को लेकर जिला कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक लेने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की सूझबूझ से प्रदेश प्रगति की ओर अग्रसर है और सरकार बेहतर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जजपा का सदस्यता अभियान 20 जनवरी तक चलाया जाएगा। प्रत्येक हलके में 2500 नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद पार्टी संगठन का चुनाव होगा।
विधायक रामकुमार गौतम के बयान पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है। रामकुमार गौतम पार्टी के वरिष्ठ और बुजुर्ग नेता हैं। हम उनसे बातचीत करेंगे और उनकी शिकायत को दूर करेंगे। इस मौके पर शाहाबाद विधायक रामकरण काला, जजपा के जिला प्रधान कुलदीप सिंह मुलतानी, युवा जजपा जिला प्रधान डॉ. जसविद्र सिंह खैहरा, बलदेव मुकीमपुरा व हर्ष शर्मा मौजूद रहे।