सास और ननद के बच्चों को जहरीला पदार्थ देने की आरोपित पुत्रवधू गिरफ्तार
केयूके थाना पुलिस ने सास व ननद के बचों को जहरीला पदार्थ देने की आरोपित पुत्रवधू को गिरफ्तार कर लिया है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : केयूके थाना पुलिस ने सास व ननद के बच्चों को जहरीला पदार्थ देने की आरोपित पुत्रवधू को गिरफ्तार कर लिया है। उसको कोर्ट में पेश कर करनाल के नारी निकेतन में भेज दिया है।
ज्योतिसर चौकी पुलिस के एएसआइ जसवंत सिंह ने बताया कि 11 अक्टूबर को गांव लोहार माजरा में माया देवी ने घर में अपनी सास उमरी देवी व ननद के दो बच्चों को चाय में पशुओं की दवाई मिलाकर पिला दी थी। जिससे तीनों की हालत बिगड़ गई। उनको एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां तीनों का इलाज चल रहा है। अस्पताल से ज्योतिसर चौकी पुलिस में जानकारी दी गई। सूचना के आधार पर ज्योतिसर चौकी पुलिस के एएसआइ जसवंत सिंह अपनी टीम के साथ अस्पताल में पहुंचे और उपचाराधीन उमरी देवी के बयान दर्ज किए। बयान में उमरी देवी ने आरोप लगाया कि उसकी पुत्रवधू माया देवी ने उसे व उसकी बेटी के बच्चों को चाय पीने के लिए दी थी। उसने चाय में कोई जहरीला पदार्थ मिला दिया। जिससे उनकी तीनों की हालत बिगड़ गई। उमरी देवी के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपित पुत्रवधू माया देवी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। एएसआइ जसवंत सिंह ने बताया कि घटना के बाद से आरोपित फरार थी। पुलिस ने महिला पुलिस के साथ आरोपित के मायके में दबिश दी। जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। आरोपित को अदालत में पेश किया।