सिलेंडर ब्लास्ट होने से तीन एकड़ में खड़ी धान की फसल को हुआ नुकसान
पिकअप गाड़ी में ब्लास्ट हुए सिलेंडरों से निकली गैस ने तीन एकड़ में खड़ी धान की फसल को बुरी तरह से झुलस दिया। इससे किसान को हजारों का नुकसान हुआ है। कृषि विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर फसल का जायजा लिया।
संवाद सहयोगी, इस्माईलाबाद :
पिकअप गाड़ी में ब्लास्ट हुए सिलेंडरों से निकली गैस ने तीन एकड़ में खड़ी धान की फसल को बुरी तरह से झुलस दिया। इससे किसान को हजारों का नुकसान हुआ है। कृषि विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर फसल का जायजा लिया।
बाईपास के पास पिकअप गाड़ी में लदे सिलेंडरों में दो दिन पहले ब्लास्ट हुआ। इसमें सिलेंडर फटने के बाद दूर दूर जा गिरे। इनसे निकली गैस का दुष्प्रभाव अब खेतों में भी साफ देखा जा सकता है। किसान धर्मपाल सैनी ने बताया कि उसकी तीन एकड़ में खड़ी धान की फसल बुरी तरह से झुलस गई। हरे रंग की फसल का रंग बदलकर पीला पड़ गया है। इसके साथ ही हरा चारा ज्वार भी विषैली हो गई है। इसका उस समय पता चला जब पशु इसे खाकर बीमार हो गए। किसान ने बताया कि उसने महंगे दाम पर हाल ही में धान रोपित करवाई थी। कृषि विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पुष्टि की कि फसल को बड़ा नुकसान हुआ है। अधिकारियों ने इसकी आला अधिकारियों को रिपोर्ट भेज जाएगी। जिस जगह पर सिलेंडर ब्लास्ट हुए वहां तीसरे दिन भी माहौल बदबूदार बना हुआ है। नजदीकी शराब के ठेके के कर्मचारियों ने बताया कि गैस के असर से हर समय सिर चकराता रहता है। बता दें कि इस घटना में दो लोग घायल हुए थे जो कि अब ठीक हैं और अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई है।