संत निरंकारी मिशन की ओर से रविवार को देशव्यापी सफाई अभियान
संत निरंकारी मिशन 23 फरवरी को देशभर में स्वछता अभियान का आयोजन करेगा। जिसमें अन्य स्थानों के अतिरिक्त 1166 सरकारी अस्पतालों की सफाई की जाएगी। यह अभियान देश के अतिरिक्त दूर-देशों में भी बाबा हरदेव सिंह महाराज की 66वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : संत निरंकारी मिशन 23 फरवरी को देशभर में स्वच्छता अभियान का आयोजन करेगा। जिसमें अन्य स्थानों के अतिरिक्त 1166 सरकारी अस्पतालों की सफाई की जाएगी। यह अभियान देश के अतिरिक्त दूर-देशों में भी बाबा हरदेव सिंह महाराज की 66वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने 36 वर्षों तक इस मिशन का सतगुरु रूप में मार्गदर्शन किया। उन्होंने 13 मई 2016 को अपने नश्वर शरीर का त्याग किया। बाबा हरदेव सिंह कहते थे कि प्रदूषण अंदर का हो या फिर बाहर का दोनों ही निकारक हैं। संत निरंकारी मिशन ब्रांच कुरुक्षेत्र के संयोजक केवल कृष्ण अरोड़ा व संत निरंकारी सेवादल के संचालक बाल किशन मस्ताना ने बताया कि यह सफाई अभियान संत निरंकारी चेरिटेबल फाउंडेशन के तत्वाधान में लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल व निरंकारी भवन कुरुक्षेत्र के आसपास किया जाएगा। जिसमें संत निरंकारी सेवादल के सेवादारों के अतिरिक्त साध संगत के अन्य सदस्य भी भाग लेंगे। सभी सेवादल के वालंटियर अपनी निर्धारित वर्दी में रविवार को सुबह निरंकारी भवन में एकत्रित होंगे और प्रार्थना के बाद सभी स्वच्छता अभियान में लग जाएंगे। यह अभियान सुबह 7 से 11 बजे तक किया जाएगा।