कोरोना निगल गया छह महीने, माननीयों ने अब विकास का पहिया चलाया
माननीयों की जीत का एक साल आज पूरा हो गया। लोगों ने उम्मीदों के साथ उनको विधानसभा में पहुंचाया था।शुरुआत के छह महीने कोरोना निगल गया।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : माननीयों की जीत का एक साल आज पूरा हो गया। लोगों ने उम्मीदों के साथ उनको विधानसभा में पहुंचाया था।शुरुआत के छह महीने कोरोना निगल गया। अब माननीयों ने योजनाओं काम तेज किया है। चारों विधायक अपने-अपने क्षेत्र में विकास तेज करने का दावा कर रहे हैं। इनमें कुरुक्षेत्र में ऐलिवेटेड रेल ट्रैक हो या फिर सिथेटिक ट्रैक की सौगात। एलएनजेपी सिविल अस्पताल में मार्च महीने में ही इलाज शुरू हो गया था। अब अगले सप्ताह इसकी सौगात भी मिल जाएगी।
कुरुक्षेत्र में चार विधानसभा में शाहाबाद और पिहोवा में भाजपा के विधायक हैं। शाहाबाद में सहयोगी पार्टी जजपा, जबकि लाडवा में कांग्रेस का विधायक है। पिहोवा से विधायक संदीप सिंह को खेल मंत्री की जिम्मेदारी सरकार ने दी थी। शाहाबाद विधायक रामकरण काला को गत दिनों की शुगरफैड का चेयरमैन बनाया है। कोट्स फोटो-37
खेल मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि हलके सहित पूरे प्रदेश में खेलों के क्षेत्र में काम किया जा रहा है।कुरुक्षेत्र में सिथेटिक ट्रैक का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। पिहोवा में भी स्टेडियम बनाने की योजना है।इसके अलावा मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान दिया जा रहा है। कोरोना के चलते बीच में विकास कार्य कुछ धीमे पड़ गए थे। अब विकास कार्यों में तेजी लाई जा रही है।
कोट्स फोटो-36
थानेसर के विधायक सुभाष सुधा ने बताया कि कोरोना काल में समाज के कार्यों में पूरा सहयोग किया।अब विकास कार्यों में तेजी लाई जा रही है। नई सब्जी मंडी का सुंदरीकरण कराया जाएगा। एलिवेटेड ट्रैक का काम नवंबर महीने में शुरू हो जाएगा। पिपली से थर्ड गेट तक सड़क का निर्माण कार्य भी तेज कर दिया गया है। दिवाली तक थर्ड गेट से पुराना बस स्टैंड तक सड़क का अधिकतर निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। कुरुक्षेत्र में बाईपास के लिए प्रयास किया जा रहा है। इसको भी जल्द ही मंजूर करा दिया जाएगा।
कोट्स फोटो-35
शाहाबाद के विधायक रामकरण काला ने बताया कि रेलवे लाइन पर दयालनगर के पास अंडरपास की सबसे बड़ी समस्या थी। 50 गांवों के लोग प्रभावित थे। उनको 10-15 किलोमीटर घूमकर आना पड़ता था। अंडरपास उनके प्रयास से ही शुरू हो पाया है। इसके अलावा बरसाती पानी निकासी के भी प्रबंध किए गए। अब बड़ी योजनाओं को धरातल पर लाया जाएगा।
कोट्स फोटो-34
लाडवा के विधायक मेवा सिंह ने बताया कि एक साल में एक ही सत्र हुआ है। हलके की बाईपास बनाने और पिपली में ट्रामा सेंटर, महिला कालेज, पिपली से लाडवा तक सड़क को फोरलेन बनाने सहित कई मांगों को विस में रखा है।
पिपली के ऊपर से 66केवी की बिजली की लाइन हटाने के लिए 11 करोड़ रुपये का बजट मंजूर कराया गया है। ट्रामा सेंटर के लिए खानपुर कोलिया ग्राम पंचायत का प्रस्ताव पास कर सरकार को भेजा गया है। पिपली मंडी की सड़कों के लिए 1.50 करोड़ रुपये मंजूर कराए। इसके अलावा दर्जनों नई सड़कों को मंजूर कराया है।