32वें दीक्षा समारोह के लिए सजा केयू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे मुख्यातिथि
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का 32वां दीक्षा समारोह बुधवार को होगा।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का 32वां दीक्षा समारोह बुधवार को होगा। मुख्यातिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे। जबकि अध्यक्षता राज्यपाल एवं कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सत्य देव नारायण आर्य करेंगे।
समारोह का शुभारंभ गीता श्लोक व तैत्तिरीय उपनिषद शिक्षावल्ली से होगा। जैसे ही शैक्षणिक शोभायात्रा शुरू होगी वैसे ही गीता के श्लोक हॉल में गूंजेंगे।
डीसी धीरेंद्र खड़गटा ने मंगलवार को समारोह स्थल कुवि के ऑडिटोरियम का मौका मुआयना किया। उन्होंने अधिकारियों से समारोह के बारे में विस्तार से चर्चा की और प्रशासन की तरफ से हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। इसके साथ वीसी की देखरेख में रिहर्सल की गई। कुलपति डॉ. कैलाश चंद्र शर्मा ने बताया कि दीक्षा समारोह में विश्वविद्यालय की सभी फैकल्टी के 2,384 से अधिक छात्र-छात्राओं को उपाधियां वितरित की जाएंगी। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले चरण में पीएचडी उपाधि प्राप्त करने वाले सभी संकायों के विद्यार्थियों को रिहर्सल कराई गई। इसके बाद एमफिल और फिर कला एवं भाषा संकाय, विज्ञान संकाय, समाज विज्ञान संकाय, जीव विज्ञान संकाय, विज्ञान संकाय, शिक्षा संकाय, प्राच्य विद्या संकाय, विधि संकाय, वाणिज्य एवं प्रबंधन संकाय के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कुलसचिव डॉ. नीता खन्ना ने इसकी समीक्षा की।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. हुकम सिंह ने बताया कि दीक्षा समारोह के रिहर्सल कार्यक्रम में विद्यार्र्थी उत्साहित नजर आए। इस मौके पर दीक्षा समारोह की संयोजिका प्रो. मंजुला चौधरी व सह-संयोजक छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. पवन शर्मा मौजूद रहे। सेल्फी कॉर्नर होगा आकर्षण का केंद्र
दीक्षा समारोह में विद्यार्थियों के लिए विशेष सेल्फी कॉर्नर बनाए गए हैं। यहां समारोह के प्रत्येक क्षण को फोटो के साथ यादगार के रूप में संजो सकेंगे। इसके साथ ऑडिटोरियम के बाहर फोटो किए जा सकते हैं। 10 विद्यार्थियों को मिलेंगे गोल्ड मेडल व सर्टिफिकेट
कला एवं भाषा संकाय से अर्पिता साहनी, समाज विज्ञान संकाय से कुलवीर, जीव विज्ञान संकाय से मोहित शर्मा, भैषज्य विज्ञान संकाय से दिव्या शर्मा, विज्ञान संकाय से हिमांशी बंसल, शिक्षा संकाय से सतेंद्र कुमार, प्राच्य विद्या संकाय से कुसुम, विधि संकाय से प्रियंका वर्मा, वाणिज्य व प्रबंधन संकाय से सोनिया रानी व अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय से शिल्पा नागपाल को अपने संकायों में टॉप करने के लिए गोल्ड मेडल व सर्टिफिकेट दिए जाएंगे।