दलित एवं पिछड़ा वर्ग विरोधी नीति और रसोई गैस के दामों में वृद्धि को लेकर सड़क पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता
भाजपा सरकार की दलित एवं पिछड़ा वर्ग विरोधी नीति और रसोई गैस के दामों में वृद्धि को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : भाजपा सरकार की दलित एवं पिछड़ा वर्ग विरोधी नीति और रसोई गैस के दामों में वृद्धि को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंचायत भवन से लेकर डीसी निवास तक रोष प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति के नाम डीसी धीरेंद्र खड़गटा को ज्ञापन सौंपा।
इससे पूर्व सभी कार्यकर्ता पंचायत भवन में एकत्रित हुए थे। अशोक अरोड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार ने तानाशाही रवैया अपनाया हुआ है। संविधान में जो दलितों को अधिकार दिए गए हैं, उनसे उन्हें वंचित किया जा रहा है। भाजपा सरकार के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण पर अपनाए गए गैर संवैधानिक रुख के चलते सर्वोच्च न्यायालय ने अनुसूचित जाति जनजाति तथा अन्य पिछड़े वर्ग के आरक्षण को लेकर नया फैसला दिया है।
लाडवा के विधायक मेवा सिंह ने कहा कि वे भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का मुकाबला करने के लिए एकजुट हो जाएं। भाजपा जनता के साथ धोखा कर रही है। दलितों के हक छीन रही है। महंगाई चरम सीमा पर है। मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए ही भाजपा नए मुद्दे खड़े कर रही है।
ये रहे प्रदर्शन में शामिल
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में निकाले गए प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष बिमला सरोहा, सुरेंद्र फौजी, सुरेंद्र सैनी भिवानीखेड़ा, अशोक शर्मा, सुभाष पाली, रीना वाल्मीकि, मधुसूदन बवेजा, पवन गर्ग, मेहर सिंह, सतबीर खेड़ी रामनगर मौजूद रहे।