पिपली लाठीचार्ज पर सीएम को बचाव में बयान देने की बजाय करानी चाहिए जांच : अरोड़ा
पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक अरोड़ा ने सीएम के बयान की निंदा की।
फोटो-6
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक अरोड़ा ने मुख्यमंत्री के पिपली में किसानों पर लाठीचार्ज न किए जाने के बयान की निदा की है। उनका कहना है कि सीएम ने इस कांड की जांच कराने के बजाय पुलिस को दो मिनट में क्लीनचिट दे दी।
उन्होंने ये बात मंगलवार को अपने मकान पर मीडिया से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि जजपा नेता किसानों पर चलाई गई लाठी को चौ. देवीलाल के परिवार पर पड़ी लाठी बता रहे हैं। खुद उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने इसकी जांच कराने की बात कही थी। अब मुख्यमंत्री ने लाठीचार्ज को आत्मरक्षा में उठाया कदम बता दिया।
जबकि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और कुरुक्षेत्र सांसद नायब सिंह सैनी सहित तीन विधायक पिपली में 10 सितंबर को किसानों पर लाठीचार्ज किए जाने को दुखदाई बता रहे हैं। जजपा नेता घायल किसानों को सम्मानित कर रहे हैं। अरोड़ा ने कहा कि गेहूं का एमएसपी 50 रुपये बढ़ाने को नाकाफी बताते इसे किसानों के साथ भद्दा मजाक करना बताया है। उन्होंने कहा कि पिछले दो महीने में डीजल के रेट काफी बढ़े हैं। कीटनाशक, खाद और बीज के दामों में बढ़ोतरी हुई है। चौ. चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों के अनुसार एक क्विंटल गेहूं की पैदावार पर तीन हजार रुपये खर्च आता है। सरकार को कम से कम खर्चे से डेढ़ गुना गेहूं का एमएसपी निर्धारित करना चाहिए था। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के संगठन सचिव सुभाष पाली, कांग्रेसी नेता पवन चौधरी व दलीप दयालपुर मौजूद रहे।