काम छोड़ हड़ताल पर गए सफाई व उप दमकल कर्मचारी
नगरपालिका कर्मचारी संघ के कर्मचारियों व उपदमकल विभाग के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को लाडवा नपा कार्यालय के गेट पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, लाडवा: नगरपालिका कर्मचारी संघ के कर्मचारियों व उपदमकल विभाग के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को लाडवा नपा कार्यालय के गेट पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसकी अध्यक्षता तिलक राज ने की। तिलक राज ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने सरकार सिर्फ वादे करती है और आश्वासन देती है, लेकिन मांगों को पूरा करना भूल जाती है। उन्होंने बताया कि सरकार न तो कच्चे कर्मचारियों को पक्का कर ही है और न ही समय पर हमें वेतन मिलता है। उन्होंने बताया कि नपा के सभी कच्चे व पक्के सफाई कर्मचारियों ने सर्व कर्मचारी संघ के आदेश के अनुसार तीन दिन की हड़ताल का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि अगर कर्मचारियों की मांगों को तीन दिन में नहीं माना गया तो यह हड़ताल अनिश्चितकालीन में भी तब्दील हो सकती है। उन्होंने बताया कि तीन दिन तक न तो शहर में सफाई की जाएगी, न कूड़ा-कर्कट उठाएंगे। उपदमकल विभाग के कर्मचारी भी कहीं पर आग बुझाने के लिए नहीं जाएंगे। इस अवसर पर प्रधान जगदीश चंद, उपप्रधान महिद्र कुमार, सचिव महेंद्रपाल, जगमीत सिंह, रोशन लाल मौजूद रहे।