मुख्यमंत्री कुवि में आज ऑनलाइन व्याख्यान में करेंगे संबोधित
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की ओर से शनिवार को आयोजित वेबिनार में मुख्यमंत्री मनोहर लाल अपना व्याख्यान देंगे। वेबिनार का विषय आत्मनिर्भर भारत कोरोना के बाद होगा। इस वेबिनार की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कुवि में दिन भर बैठकों का दौर चलता रहा।
- आत्मनिर्भर भारत : कोरोना के बाद विषय पर होगा व्याख्यान
- कुवि व संबंधित कॉलेजों के स्टाफ के साथ विद्यार्थी भी जुड़ेंगे
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की ओर से शनिवार को आयोजित वेबिनार में मुख्यमंत्री मनोहर लाल अपना व्याख्यान देंगे। वेबिनार का विषय आत्मनिर्भर भारत : कोरोना के बाद होगा। इस वेबिनार की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कुवि में दिन भर बैठकों का दौर चलता रहा। अधिकारियों ने वेबिनार की तैयारियों के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। बताया जा रहा है कि पहली बार मुख्यमंत्री कोरोना काल में किसी विश्वविद्यालय से सीधे जुड़ रहे हैं। इस वेबिनार का विषय भी कोरोना के बाद के आत्म निर्भर भारत पर आधारित है। ऐसे में मुख्यमंत्री मनोहर लाल नई पीढ़ी को कोई खास संदेश दे सकते हैं।
कुलपति डा. नीता खन्ना की ओर से पहले ही वेबिनार की तैयारियों को पूरी करने के लिए कई कमेटियों का गठन किया गया था। इन सभी कमेटियों ने शुक्रवार को अपनी तैयारियों पूरी कर ली हैं। कुलपति ने शुक्रवार शाम को सभी अधिकारियों से तैयारियों को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने बताया कि इस वेबिनार से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विभिन्न संस्थानों और विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ संबंधित कालेजों के अधिकारी भी जुड़ेंगे।