रसोई गैस की बढ़ी कीमतें वापस ले सरकार : चीमा
हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रवक्ता व जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चीमा ने रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी वापस लेने की मांग की है।
संवाद सूत्र, बाबैन: हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रवक्ता व जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चीमा ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी जनविरोधी फैसला है। देश पहले ही मंदी से जूझ रहा है। लोगों के पास न तो नौकरी है और न ही काम धंधे चल रहे हैं। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से आम आदमी के घर का बजट बिगड़ गया है।
हरप्रीत चीमा बाबैन के किसान रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को रोजगार व नौकरी देने में पहले ही विफल रही है और उसके बाद इस प्रकार की कीमतों में बढ़ोतरी से उनका जीवन और कठिन होता जा रहा है। इस समय महंगाई अपने शिखर पर है। खाने पीने से लेकर सभी चीजों की कीमतें आसमान को छू रही हैं।
इस अवसर पर जिला महासचिव गुरविद्र सिंह, मनप्रीत सिंह चीमा, भगवंत सिंह विर्क, अमित बराना, होशियार सिंह नंबरदार, दीपक शर्मा, राजेंद्र ढांडा, संजीव कुमार, राजकुमार कश्यप, पंकज जोशी, दलबीर सिंह, बूटा सिंह उपस्थित रहे।