कुरुक्षेत्र में सड़क डिवाइडर बना मुसीबत, कार फंसने से टूटा एक्सल; पीडब्ल्यूडी विभाग ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
कुरुक्षेत्र में सरस्वती चौक से कोर्ट जाने वाले मार्ग पर सड़क के बीच बने डिवाइडर वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं।

कुरुक्षेत्र में सड़क डिवाइडर बना मुसीबत, कार फंसने से टूटा एक्सल (जागरण फोटो)
HighLights
कुरुक्षेत्र में सड़क डिवाइडर के कारण वाहन चालकों को परेशानी।
एक कार डिवाइडर में फंसी, एक्सल टूटने से हुई क्षतिग्रस्त।
स्थानीय लोगों ने डिवाइडर हटाने और निरीक्षण की मांग की।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। सरस्वती चौक से कोर्ट की ओर जाने वाले मार्ग पर सड़क के बीच बनाए गए डिवाइडर वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। सड़क के एक हिस्से में जगह कम होने के कारण वाहन चालकों को निकलने में दिक्कत हो रही है।
मंगलवार को एक कार इन डिवाइडरों के बीच फंस गई। कार का एक्सल टूटने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार को डिवाइडर के बीच से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार गांव सियाणा सैदां निवासी चरण सिंह अपनी कार से बाजार की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सरस्वती के ऊपर सड़क के बीच बनाए गए डिवाइडर के पास पहुंचने पर उनकी कार अचानक डिवाइडर के बीच फंस गई। कार को निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन रास्ता बेहद तंग होने के कारण सफलता नहीं मिली।
इस दौरान कार का एक्सल टूट गया। बाद में आसपास मौजूद लोगों और दुकानदारों ने एकजुट होकर काफी मशक्कत की और कार को डिवाइडर के बीच से बाहर निकाला।
रात के समय ज्यादा खतरा
चरण सिंह ने बताया कि सड़क के बीच बनाए गए इन डिवाइडरों के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि रात के समय सामने से आने वाले वाहनों की लाइट पड़ने के कारण कई बार डिवाइडर स्पष्ट दिखाई नहीं देते। ऐसे में वाहन चालक इनसे टकरा जाते हैं या फिर डिवाइडर के बीच फंस जाते हैं।
मंगलवार को दिन के समय ही उनकी कार इस डिवाइडर के बीच फंस गई और कार का एक्सल टूट गया। आसपास के लोगों ने बड़ी मुश्किल से उनकी गाड़ी को बाहर निकाला। इससे वाहन को काफी नुकसान हुआ है।
लोगों ने उठाए डिवाइडर की बनावट पर सवाल
दुकानदारों और लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर डिवाइडर बनाए गए हैं, वहां सड़क पहले से ही अपेक्षाकृत संकरी है। ऐसे में भारी-भरकम डिवाइडर लगाए जाने से सड़क की उपयोगी चौड़ाई और कम हो गई है।
इससे कार और अन्य बड़े वाहनों को निकलने में विशेष परेशानी होती है। यदि इन डिवाइडरों को समय रहते नहीं हटाया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने संबंधित विभाग से मौके का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति के अनुसार उचित व्यवस्था करने की मांग की है।
चरण सिंह ने कहा कि इन डिवाइडरों को तुरंत प्रभाव से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी दिन कोई बड़ा हादसा हो सकता है और किसी व्यक्ति की जान भी जा सकती है।
पीडब्ल्यूडी ने मौके का निरीक्षण कराने की बात कही
पीडब्ल्यूडी विभाग पिहोवा के एसडीओ अमित गुप्ता ने बताया कि उन्हें सड़क के बीच बने इन डिवाइडरों की समस्या की जानकारी अब मिली है। संभवत: ये डिवाइडर काफी पुराने समय से लगे हुए हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद विभाग की ओर से मौके का निरीक्षण करवाया जाएगा। निरीक्षण के बाद नियमानुसार जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और यदि डिवाइडरों को हटाना आवश्यक हुआ तो उन्हें शीघ्र हटाया जाएगा।
