अनलॉक-1 में टूटे नियमों के लॉक, लघुसचिवालय में भी खानापूर्ति
अनलॉक-1 के तीसरे दिन ही कोविड-19 के नियमों के लॉक टूट गए हैं। बाजारों से लेकर शहर में लोग बिना मास्क घूम रहे हैं। यहीं नहीं लघुसचिवालय में भी कुछ अधिकारी व कर्मचारी इसका पालन नहीं कर रहे। जिला मुख्यालय के गेट पर ही खानापूर्ति की जा रही है। पुलिस को बिना मास्क चालान करने के आदेश तो मिल गए लेकिन चालान बुक नहीं मिली है। ऐसे में अब तक बिना मास्क व सार्वजनिक स्थान पर थूकने का एक भी चालान नहीं हो सका है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : अनलॉक-1 के तीसरे दिन ही कोविड-19 के नियमों के लॉक टूट गए हैं। बाजारों से लेकर शहर में लोग बिना मास्क घूम रहे हैं। यहीं नहीं लघुसचिवालय में भी कुछ अधिकारी व कर्मचारी इसका पालन नहीं कर रहे। जिला मुख्यालय के गेट पर ही खानापूर्ति की जा रही है। पुलिस को बिना मास्क चालान करने के आदेश तो मिल गए, लेकिन चालान बुक नहीं मिली है। ऐसे में अब तक बिना मास्क व सार्वजनिक स्थान पर थूकने का एक भी चालान नहीं हो सका है।
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए 24 मार्च को लॉकडाउन लगाया था। यह 31 मई तक चला। अनलॉक-1 एक जून को शुरू हुआ। इसकी गाइडलाइन जारी की गई थी। जिला प्रशासन ने गाइडलाइन के आधार पर बिना मास्क पहनने वालों और सार्वजनिक स्थल पर थूकने पर 500 रुपये जुर्माना लगाने के आदेश दिए थे। दैनिक जागरण ने सच्चाई जानने के लिए लघुसचिवालय, बस स्टैंड, बाजार व अन्य कई स्थानों का मौका देखा।
1. लॉकडाउन-3 में बाजार सशर्त खोले गए थे। अनलॉक-1 में बाजार की सभी दुकानें खोल दी गई। अब भीड़ भी पहले से अधिक बढ़ गई है। गाड़ियों और दूसरे व्हीकलों के आने के बाद कई सड़कों पर भीड़ अधिक हो रही है। कुछ लोग बाजार में बिना मास्क घूम रहे हैं। कई दुकानदार ग्राहकों के हाथ सैनिटाइज तक नहीं करवा रहे हैं।
2.लघु सचिवालय के मुख्य गेट पर आने वालों को सैनिटाइजर से हाथ धुलवाकर खानापूर्ति की जा रही है। यहां पर थर्मल स्क्रीनिग तक नहीं है। इसके अलावा कुछ अधिकारी व कर्मचारी मास्क का भी प्रयोग नहीं कर रहे। बुधवार को कैमरे में सच्चाई कैद कर ली गई।
3.बस स्टैंड के कार्यालयों में शारीरिक दूरियों के नियम की पालना नहीं हो पा रही। अधिकारी व कर्मचारी तंग कार्यालयों में सामान्य दिनों की तरह से बैठकर काम कर रहे हैं। ऐसे में नियमों की धज्जियां उड़ रही है। हालांकि बस स्टैंड परिसर में यात्रियों से नियमों की पालना कराने का पूरा प्रयास रहता है। नई चालान बुक नहीं पहुंच पाई है: रोशनलाल
पुलिस प्रवक्ता रोशनलाल ने बताया कि डीएसपी और थाना प्रभारियों को बिना मास्क घूमने वालों के चालान करने की पावर है। थानों में अब तक नई चालान बुक नहीं पहुंच पाई है। जल्द ही इसमें कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।