नामी कंपनियों के सेनिटाइजर बाजार से गायब, लोकल का कब्जा
कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीजों के आने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की मास्क और सेनिटाइजर को लेकर सुस्ती नहीं टूट पाई है। एलएनजेपी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भी ये सब नहीं मिल पा रहे हैं। डॉक्टर व स्टाफ ऐसी स्थिति में किसी संदिग्ध मरीज के नजदीक जाने से भी घबरा रहे हैं।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीजों के आने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की मास्क और सेनिटाइजर को लेकर सुस्ती नहीं टूट पाई है। एलएनजेपी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भी ये सब नहीं मिल पा रहे हैं। डॉक्टर व स्टाफ ऐसी स्थिति में किसी संदिग्ध मरीज के नजदीक जाने से भी घबरा रहे हैं। इधर नामी कंपनियों के सेनिटाइजर बाजार से गायब हो गए हैं। लोकल कंपनियों ने पूरे बाजार में कब्जा जमा लिया है। हालांकि विभाग ने ब्लैक मार्केटिग करने वालों पर छापेमारी शुरू कर दी है। बावजूद इसके सेनिटाइजर और मास्क की कमी पूरी नहीं हो पा रही है। इधर डीसी ने हाथ मिलाने से परहेज रखने की सलाह दी है। उन्होंने लोगों को नमस्ते कहने की अपील की है।
फार्मासिस्ट को चस्पा करना होगा स्टॉक का नोटिस
सरकार के नोटिफिकेशन के बाद अब फार्मासिस्ट को भी अपनी दुकानों के बाहर सेनिटाइजर और मास्क का दाम, कंपनी और स्टॉक की जानकारी नोटिस पर चस्पा करना होगा। ऐसा नहीं करने वाले फार्मासिस्ट के खिलाफ कार्रवाई होगी। वहीं फार्मासिस्ट एसोसिएशन के मुताबिक मास्क और अच्छी कंपनियों के सेनिटाइजर का स्टॉक पीछे से ही नहीं आ रहा। बाजार में लोकल कंपनियों के ही सेनिटाइजर उपलब्ध हैं। फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रधान के मुताबिक मास्क फार्मासिस्ट को ही ब्लैक में मिल रहे हैं। इसी मामले को लेकर डीसी धीरेंद्र खड़गटा से मंगलवार को मुलाकात की और कहा कि कोई मेजर स्टॉक कुरुक्षेत्र में फार्मासिस्ट के पास नहीं हैं, जिसे वे बाहर प्रकाशित करें। उन्होंने स्टॉक उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं अच्छी कंपनी के सेनिटाइजर और मास्क के लिए लोग धक्के खा रहे हैं। आते ही बिक गए सेनिटाइजर
फोटो संख्या : 18
सेक्टर-17 स्थित हिमालय कंपनी स्टोर पर कार्यरत अंजलि शर्मा ने बताया कि लोग स्टोर पर सेनिटाइजर खरीदने के लिए आ रहे हैं। मगर अभी सेनिटाइजर स्टोर पर उपलब्ध नहीं है। कई दिन पहले ही कुछ सेनिटाइजर आए थे। ये सारे बिक गए हैं। सेनिटाइजर की डिमांड ज्यादा है। मेजर स्टॉक नहीं है मास्क का
हरियाणा स्टेट केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के महासचिव अशोक सिगला ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग से उन्हें एक नोटिफिकेशन दिया गया और सभी फार्मासिस्ट को अपनी केमिस्ट शॉप के बाहर सेनिटाइजर और मास्क की कंपनी, स्टॉक और दाम की जानकारी बाहर डिस्प्ले करने के लिए बोला गया है। इसको लेकर एसोसिएशन के पदाधिकारी डीसी धीरेंद्र खड़गटा से मिले थे। उन्हें बताया गया है कि किसी भी केमिस्ट शॉप मालिक के पास मास्क का मेजर स्टॉक नहीं है। किसी पर इक्का दुक्का मास्क हैं। इसके अलावा अच्छी कंपनियों के सेनिटाइजर बाजार में उपलब्ध नहीं है। मगर लोकल कंपनी के सेनिटाइजर की बाजार में भरमार हैं। डीसी ने जल्द मास्क का स्टॉक उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। वर्जन :
कोरोना वायरस के दो संदिग्ध मरीज सामने आए हैं। अस्पताल में इसके लिए अलग से आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। सेनिटाइजर और मास्क उपलब्ध कराने के आदेश कर दिए थे। ये सब आइसोलेशन वार्ड में नहीं हैं तो जल्द ही उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
- डॉ. सुखबीर, सीएमओ