हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 5000 का इनामी ड्रग तस्कर मंगल पंवार अरेस्ट, 326 किलो नशीली सामग्री बरामद
कुरुक्षेत्र पुलिस ने ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत 5,000 रुपये के इनामी नशीले पदार्थ सप्लायर मंगल पंवार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के साथ नशीला पदार्थ सप्लायर मंगल पंवार (जागरण)
HighLights
5,000 रुपये का इनामी नशीला पदार्थ सप्लायर गिरफ्तार।
ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत कुरुक्षेत्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई।
326 किलो चूरा पोस्त बरामदगी मामले में गिरफ्तारी।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत नशीला पदार्थ सप्लाई करने के एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित मध्यप्रदेश के जिला नीमच के गांव सीमखेड़ा निवासी मंगल पंवार पर 5 हजार रुपये का इनाम रखा गया था।
24 जुलाई 2024 को एंटी नारकोटिक सैल की टीम अपराध तलाश में मुर्तजापुर बस अड्डा के पास मौजूद थी। पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर कैंटर चालक हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के बरोड़ निवासी देवराज को राष्ट्रीय राजमार्ग -152 डी से काबू किया था। पुलिस टीम द्वारा राजपत्रित अधिकारी के सामने कैंटर की तलाशी लेने पर उसके कब्जा से 8 कट्टों में रखा 326 किलो 560 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया था।
आरोपित के खिलाफ थाना सदर पिहोवा में नशीला पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके सहायक उप निरीक्षक सुशील कुमार ने गिरफ्तार किया। इसके दो दिन बाद 26 जुलाई को एंटी नारकोटिक सैल की टीम ने नशीला पदार्थ मंगवाने के आरोपित हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के बददु निवासी सोहन लाल व हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के सिमानी निवासी सुनील दत्त को भी गिरफ्तार कर लिया था।
अब पुलिस ने इस मामले में आगामी जांच करते हुए नशीला पदार्थ सप्लाई करने के वांछित आरोपित मध्यप्रदेश के जिला नीमच के गांव सीमखेड़ा निवासी मंगल पंवार को गिरफ्तार किया है। आरोपित पर अंबाला मंडल के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
