सीजन में अब तक खरीदा 5.76 लाख एमटी धान, लिफ्टिग कार्य भी किया तेज
जिले में धान खरीद के साथ लिफ्टिग का कार्य भी तेज कर दिया है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : जिले में धान खरीद के साथ लिफ्टिग का कार्य भी तेज कर दिया है। प्रशासन का दावा है कि जिले में 72.27 फीसदी धान उठान का कार्य एजेंसियों ने पूरा कर लिया है। किसानों व आढ़तियों की समस्याओं के समाधान के लिए मंडियों व खरीद केंद्रों में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
डीसी शरणदीप कौर बराड़ ने बताया कि विभिन्न एजेंसियां 63,116 किसानों की करीब 5.76 लाख मीट्रिक टन धान खरीद चुकी हैं। इसमें से फूड सप्लाई विभाग ने 4.12 लाख मीट्रिक टन, हैफेड ने 1.65 लाख मीट्रिक टन व एफसीआई ने 240 मीट्रिक टन धान की खरीद का कार्य किया है। इसमें से फूड सप्लाई विभाग ने 3 लाख 949 मीट्रिक टन व हैफेड ने 1 लाख 15 हजार 242 मीट्रिक टन धान उठान कार्य सहित 4 लाख 16 हजार 191 मीट्रिक टन धान का उठान कार्य पूरा कर लिया है।
लिफ्टिग के बाद मंडियां खुलने लगी
मंडियों में धान उठान का कार्य तेज कर दिया है। विभागीय अधिकारी इसकी देखरेख खुद कर रहे हैं। इससे मंडियां खुलने लगी हैं। किसान यहां आसानी से धान को डाल पा रहा है। इसके साथ सड़कें भी कुछ खुली हैं। धान की आवक एक साथ होने से मंडियां में जगह नहीं बची थी। किसानों ने मंडियों में जगह न मिलने पर सड़कों पर धान डालना शुरू कर दिया था। इससे ब्रह्मसरोवर के चारों तरफ धान पहुंच गया था।