कुरुक्षेत्र में तीन बेटियों के पिता का शव मिला, पिछले 5 दिनों से था गायब
इस्माईलाबाद से पांच दिन पहले लापता हुए तीन बेटियों के पिता धर्मबीर उर्फ बबलू का शव मंगलवार को कुरुक्षेत्र के किरमिच गांव के पास भाखड़ा-नरवाना ब्रांच नहर में मिला।

तीन बेटियों के पिता का 5 दिन बाद नहर में मिला शव।
HighLights
इस्माईलाबाद का लापता व्यक्ति कुरुक्षेत्र नहर में मृत मिला
धर्मबीर उर्फ बबलू 5 दिन पहले घर से लापता हुआ था
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी है
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। इस्माईलाबाद से पांच दिन पहले लापता हुए तीन बेटियों के पिता का शव मंगलवार को गांव किरमिच के पास भाखड़ा-नरवाना ब्रांच नहर में मिला है।
ग्रामीणों ने साइफन के पास एक युवक के शव होने की सूचना गोताखोर प्रगट सिंह को दी थी। शव की सूचना के बाद मौके पर पहुंची थाना केयूके पुलिस ने टीम शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव की शिनाख्त इस्माईलाबाद निवासी धर्मबीर उर्फ बबलू (36) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने गांव किरमिच में साइफन के पास नहर के पानी पर एक युवक का शव देखा। गोताखोर प्रगट सिंह की टीम ने शव को
किनारे लगाकर उसकी शिनाख्त के लिए प्रयास किए। उन्होंने अपने वॉट्सऐप ग्रुप में आस-पास के लापता युवकों की फोटो से चेहरे और कपड़ों का
मिलान किया। इसके बाद थाना केयूके पुलिस और इस्माईलाबाद में लापता युवकों के स्वजनों से बातचीत की। स्वजनों से बातचीत में उन्होंने युवक के पहने हुए कपड़ों की जानकारी दी।
इसके बाद मौके पर पहुंचे मृतक के पिता लाल चंद और भाई ने शव की शिनाख्त की। उन्होंने शव को बाहर निकालकर पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल भेज दिया है।
परेशान रहता था मृतक
मृतक के पिता लाल चंद ने बताया कि उसका बेटा कर्मबीर उर्फ बबलू कई दिनों से परेशान रहता था। वह दिहाड़ी मजदूरी का काम करता था। उसने कहा था कि मजदूरी के कारण उसके हाथ गलने लगे हैं।
एक अक्टूबर दोपहर को वह घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं आया।वह उसी दिन से उसकी तलाश में लगे हुए थे। घर वापस न आने पर थाना इस्माईलाबाद पुलिस को भी सूचना दी गई थी।
तीन बेटियों का पिता है मृतक
मृतक के पिता ने बताया कि उसकी तीन बेटियां हैं। छोटी बेटी अभी डेढ़ साल की है और बड़ी बेटी 12 साल की है। वह अपने परिवार के साथ अपने भाइयों से भी अलग ही रहता था। उनकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
थाना केयूके से उपनिरीक्षक सुधीर कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। स्वजनों से बातचीत की है।शव को पोस्टमार्टम के लिए लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल भेज दिया गया है।
