विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डंडों से पीटा और तलवार से काटा... कुरुक्षेत्र में रास्ते के विवाद में युवक की मौत, परिजनों ने शव रखकर किया सड़क जाम

Published: Sat, 19 Sep 2026 11:28 PM (IST)

पिहोवा में रास्ते के विवाद में तलवार और डंडों से घायल गुरप्रीत सिंह की मौत के बाद परिजनों ने शव ...और पढ़ें

कुरुक्षेत्र में रास्ते के विवाद में युवक की मौत। फोटो जागरण

कुरुक्षेत्र में रास्ते के विवाद में युवक की मौत। फोटो जागरण

HighLights

  1. रास्ते के विवाद में घायल गुरप्रीत सिंह की मौत हो गई।

  2. परिजनों ने पिहोवा मेन चौक पर शव रखकर जाम लगाया।

  3. पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़कर जांच शुरू की।

संवाद सहयोगी, पिहोवा (कुरुक्षेत्र)। रास्ते के विवाद में तलवार और डंडों से हमले में घायल युवक गुरप्रीत सिंह की शनिवार को मौत के बाद पिहोवा के मेन चौक पर स्वजनों ने शव रखकर जाम लगा दिया। स्वजन आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए।

एंबुलेंस से शव निकालकर स्ट्रेचर पर मेन चौक में रख दिया गया। जाम की सूचना मिलते ही पिहोवा के डीएसपी रणधीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्वजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने आश्वासन दिया कि मामले में आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी ओर, गुरप्रीत की मौत के बाद पुलिस ने पहले से दर्ज मामले में हत्या की धारा 103 बीएनएस जोड़ दी है। पुलिस के अनुसार मामले में कर्ण पंडित समेत दो आरोपितों के खिलाफ पहले ही केस दर्ज है। पुलिस आरोपितों की तलाश और मामले की जांच में जुटी है।

14 सितंबर की रात हुआ था हमला

मृतक की पहचान स्यालकोर्ट फार्म पिहोवा निवासी 29 वर्षीय गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। वह पीवीसी लगाने का काम करता था और वर्ष 2018 में उसकी लव मैरिज हुई थी। उसका एक पुत्र है। पुलिस को दी शिकायत में गगनदीप सिंह ने बताया कि 14 सितंबर की रात वह अपने दोस्त अभिषेक के साथ इनोवा कार में घर का सामान लेने पिहोवा बाजार जा रहा था।

पिहोवा चौक पर उसका ताऊ का बेटा गुरप्रीत भी कार में बैठ गया। इसी दौरान एक सफेद रंग की फार्च्यूनर कार उनकी कार के आगे आ गई। आरोप है कि फार्च्यूनर सवार युवकों ने उनका रास्ता रोकने का प्रयास किया और गाली-गलौज करने लगे।

कुछ आगे जाकर फार्च्यूनर सवारों ने कार रोक दी। गगनदीप ने भी अपनी कार रोककर गाली देने का कारण पूछा। आरोप है कि इसी दौरान युवक तलवार लेकर कार से उतरे और हमला कर दिया। एक अन्य युवक ने डंडे से गगनदीप के सिर पर वार किया।

गुरप्रीत के सिर पर किए तलवार से कई वार

शिकायत के अनुसार इसी दौरान गुरप्रीत सिंह के सिर पर तलवार से कई वार किए। दूसरे आरोपित ने भी उस पर डंडे से हमला किया। सिर में गंभीर चोट लगने से गुरप्रीत लहूलुहान होकर गिर पड़ा। हमले में गगनदीप भी घायल हुआ, जबकि उनके दोस्त अभिषेक ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।

घटना के बाद दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। गगनदीप का एलएनजेपी अस्पताल में उपचार हुआ, जबकि गुरप्रीत की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया। इसके बाद कुरुक्षेत्र के निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था। शनिवार सुबह उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

पुरानी रंजिश नहीं, रास्ते को लेकर हुआ था विवाद

थाना सिटी पिहोवा प्रभारी सुनील वत्स ने बताया कि पुलिस ने 15 सितंबर को कर्ण पंडित समेत दो आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया था। जांच में अभी तक दोनों पक्षों के बीच किसी पुरानी रंजिश की बात सामने नहीं आई है। रास्ते और छोटी-सी बात को लेकर विवाद हुआ था।

युवक की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा 103 बीएनएस जोड़ दी गई है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।