दूल्हों समेत बारातियों ने वधू पक्ष के लोगों पर किया हमला
संवाद सहयोगी, पिहोवा : थाना पिहोवा के अंतर्गत गांव सैयाना सैयदां के एक शादी समारोह में वर वधू पक्ष में जमकर ईंट पत्थर चले।
संवाद सहयोगी, पिहोवा : थाना पिहोवा के अंतर्गत गांव सैयाना सैयदां के एक शादी समारोह में वर वधू पक्ष में जमकर ईंट पत्थर चले। झगड़े में कई लोगों को चोटें आई। ग्रामीणों का गुस्सा देख बाराती दोनों दूल्हों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया।पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत किया और दोनों पक्षों को थाने में बुलाया। देर रात तक दोनों पक्षों में पंचायत जारी रही।
जानकारी के अनुसार गांव सैयाना सैयदां में दो सगी बहनों की शादी थी। लड़कियों के भाई बब्बू ने बताया कि फतेहाबाद निवासी नरेश व संदीप के साथ उसकी बहनों का रिश्ता तय किया था। बरसात के चलते बारात सांय चार बजे गांव में पहुंची। पूरा दिन लड़की पक्ष बारात का इंतजार करता रहा। बारात पहुंचते ही रिबन कटाई की रस्म शुरू हो गई। रस्म के समय बारात में आए कुछ लड़के मौके पर फब्तियां कसने लगे। इस पर लड़की पक्ष ने उन्हें वहां से हटकर खाना खाने की नसीहत दी। जिससे दोनों पक्षों में धक्का मुक्की हो गई, लेकिन उस समय बीच बचाव करके मामला शांत कर लिया गया। लड़की पक्ष का आरोप है कि बाद में फेरों के समय दूल्हों के परिवार की ओर से बुलेट मोटरसाइकिल की डिमांड रख दी। यह बात सुन लड़कियों की मां ने कहा कि उनकी मांग को पूरा नहीं कर सकती। उसकी बेटियों का पिता नहीं है और वह बड़ी मुश्किल से दोनों के हाथ पीले कर रही है। लेकिन दूल्हों ने फेरे लेने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर मौके पर तनाव बढ़ गया। दोनों पक्षों में मारपीट और पत्थरबाजी शुरू हो गई। जिसमें जयपाल, बलवान व महेंद्र सहित कई अन्य लोगों को चोटें आई। मामला बढ़ता देख बारात दूल्हों को मौके पर छोड़कर फरार हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस दूल्हों को भी थाने में ले लाई। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों के बीच पंचायत चल रही थी।
थाना पिहोवा प्रभारी यशपाल ¨सह ने बताया कि इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। पुलिस दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत की जा रही है।