अनाजमंडी में खोली जाएगी अटल किसान मजदूर कैंटीन : संदीप सिंह
पिहोवा खेल मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि जरुरतमंद लोगों का ध्यान रखते हुए प्रदेश सरकार ने पिहोवा को भी नई सौगात दी है।
संवाद सहयोगी, पिहोवा :
खेल मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि जरुरतमंद लोगों का ध्यान रखते हुए प्रदेश सरकार ने पिहोवा को भी नई सौगात दी है। इसके तहत अनाजमंडी में अटल किसान मजदूर कैंटीन खोली जाएगी, जिसके निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है और इसी माह में यह कैंटीन बनकर तैयार हो जाएगी। खेल मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि नई कैंटीन में प्रतिदिन 300 से अधिक किसान, मजदूर व अन्य रिक्शा रेहड़ी वाले श्रमिक तवे की रोटी, दाल फ्राई, सब्जी, चावल व पोर्टेबल पेयजल ले सकेंगे। खास बात यह है कि मात्र 10 रुपये में किसानों व मजदूरों को भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
खेल मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किसानों व मजदूरों के प्रति लगाव के चलते यह योजना जल्दी पूरा करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल प्रदेश में 25 जगहों पर कैंटीन खोली जानी हैं। छह जिलों सिरसा, फतेहाबाद के टोहाना, करनाल में घरौंडा रोहतक व थानेसर में यह कैंटीन शुरू हो चुकी है। थानेसर के बाद अब पिहोवा में इसे शुरू किया जा रहा है। प्रदेश सरकार के इस प्रोजेक्ट को लेकर हरियाणा मार्केटिग बोर्ड की मुख्य प्रशासक सुमेधा कटारिया ने भी पिछले दिनों यहां का दौरा किया था। उन्होंने बताया कि निर्माण से जुड़े सभी अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं कि जुलाई में यह कार्य पूरा कर लिया जाए। मुख्य प्रशासक सुमेधा कटारिया ने बताया कि कैंटीन में भोजन की पौष्टिकता व सफाई का विशेष ख्याल रखा जाएगा। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे लगाकर सुरक्षा व्यवस्था व गुणवत्ता पर भी फोकस रहेगा। सुमेधा कटारिया ने बताया कि अंबाला रोड पर हुडा ग्रीन बेल्ट के पास अनाजमंडी में बन रही कैंटीन में करीब छह लाख रुपये का सामान जिसमें गैस, बर्नर, चिमनी, डीप फ्रीजर, वॉटर कूलर शामिल हैं। यह बोर्ड व सरकार की ओर से उपलब्ध कराया जाएगा।