विधानसभा चुनाव स्थानीय मुद्दों से जुड़ा होता है
इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी ओम प्रकाश चौटाला ने कहा कि प्रदेश में भाजपा खुली आंख से दोबारा सत्ता सुख का सपना देख रही है। जोकि पूरा नहीं हो पाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश का विधानसभा चुनाव स्थानीय मुद्दों से जुड़ा होता है।
संवाद सहयोगी, इस्माईलाबाद: इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी ओम प्रकाश चौटाला ने कहा कि प्रदेश में भाजपा खुली आंख से दोबारा सत्ता सुख का सपना देख रही है। जोकि पूरा नहीं हो पाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश का विधानसभा चुनाव स्थानीय मुद्दों से जुड़ा होता है। यही चुनाव भाजपा को असली धरती दिखाएगा। चौटाला यहां इनेलो नेता सुरेश कंसल के प्रतिष्ठान पर कार्यकर्ताओं के बीच बोल रहे थे।
चौटाला ने कहा कि देश की रक्षा के नाम पर वोट पड़ चुके हैं। अब विकास के खोखले दावों की पोल खुलने की बारी है। उन्होंने कहा कि कुछ रोज की बरसात ने गांवों व शहरों के विकास के दावे खोल कर रख दिए। चौटाला ने कहा कि एयरपोर्ट, सरस्वती में बहता जल, पीजीआइ, अलग राजधानी जैसे अनेक सपने दिखाए गए। जबकि हालात ऐसे हैं कि गांवों के सरकारी अस्पतालों तक में दवा भी नहीं है। सरकारी विभागों में आम जन को दर-दर भटकना पड़ रहा है। नशा अपने पांव फैला रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध की जड़ें गहराती जा रही हैं। दिनदहाड़े लूटपाट और गोली बारी आम बात हो चुकी है। चौटाला ने कहा कि प्रदेश में सरकार केवल नाम की ही रह गई है। विकास के नाम पर केवल खोखले दावे किए जा रहे हैं। जबकि गांवों में हालात बद से बदतर हैं। ग्रामीण छोटे छोटे काम के लिए दर दर भटकते हैं। इस मौके पर सुरेश कंसल, चौ शीश पाल पाली, बूटा सिंह लुखी, रामकरण काला व सुरजीत सिंह मौजूद रहे।