ब्रह्मसरोवर के पवित्र घाट पर रंग जमा रहे कलाकार
ब्रह्मसरोवर के पावन तटों पर पंजाब कश्मीर उत्तराखंड और हिमाचल के लोक कलाकारों ने पर्यटकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र:
ब्रह्मसरोवर के पावन तटों पर पंजाब, कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल के लोक कलाकारों ने पर्यटकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इन लोक कलाकारों ने अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दसवें दिन खूब रंग जमाया। कच्ची घोड़ी के लोक नृत्य और नृत्य के साथ बजने वाले पारंपरिक वाद्य यंत्रों की स्वर लहरियों ने युवा पीढ़ी को अपने रंग में रंग लिया। इन युवाओं ने लोक कलाकारों के साथ जमकर नृत्य भी किया। महोत्सव पर सोमवार को सुबह से लेकर शाम तक हजारों पर्यटकों का आना जारी रहा। इन पर्यटकों ने क्राफ्ट मेले में देशभर से आए शिल्पकारों की कला को खूब निहारा और जमकर खरीदारी भी की। जहां पर्यटक शिल्पकला का आनंद ले रहे थे, वहीं ब्रह्मसरोवर के महिला घाट पर पंजाब की कलाकारों ने गिद्दा, जम्मू-कश्मीर के कलाकारों ने धमाल, उत्तराखंड के कलाकारों ने छपेली और हिमाचल के कलाकारों ने गद्दी नाटी लोक नृत्य की प्रस्तुती देकर पर्यटकों को आकर्षित करने का काम किया।
लोक कलाकारों के साथ-साथ कच्ची घोड़ी के कलाकारों ने पूरे ब्रह्मसरोवर पर घूमते-घूमते अपने लोक नृत्य से पर्यटकों को मोहपाश में बांधने का काम किया। इन लोक कलाकारों के नृत्य और बजने वाली स्वर लहरियों से युवा भी अपने कदमों को रोक नहीं पाए और उन्होंने इन लोक कलाकारों के साथ मिलकर नृत्य किया। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला से आए मंच संचालक पवन शर्मा ने बताया कि महोत्सव में सोमवार चार राज्यों के कलाकारों ने अपने-अपने प्रदेश के लोक नृत्यों को दर्शकों के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव में बाजीगर के ग्रुप, कच्ची घोड़ी के ग्रुप और बहरुपिए के ग्रुप में कलाकार लोगों का लगातार मनोरंजन करने का काम कर रहे हैं। इस महोत्सव में प्रशासन की ओर से किए अच्छे इंतजामों की हर कोई प्रंशसा कर रहा हैं। पर्यटकों को पंसद आए बाजीगरों के करतब
महोत्सव में एनजेडसीसी की तरफ से पर्यटकों का मनोरंजन करने के लिए बाजीगरों के एक ग्रुप को आमंत्रित किया गया। इस ग्रुप के कलाकार ब्रहमसरोवर के घाटों पर आदमी के सिर के ऊपर मटका रखा और मटके के ऊपर आदमी को खड़ा करके जो करतब दिखाए। इस करतब पर सभी पर्यटकों ने तालियां बजाई। इसके अतिरिक्त इन कलाकारों ने लोहे ही रॉड को मोड़कर दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया।