29 को होगा अखिल भारतीय संस्कृति महोत्सव : सिंह
विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान की ओर से अखिल भारतीय संस्कृति महोत्सव का आयोजन 29 नवंबर को होगा। यह कार्यक्रम एक दिसंबर तक चलेगा। विद्याभारती संस्कृति शिक्षा संस्थान के निदेशक डॉ. रामेंद्र सिंह ने बताया कि संस्कृति महोत्सव का उद्घाटन प्रदेश के शिक्षा वन एवं पर्यटन मंत्री कंवरपाल गुर्जर करेंगे।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान की ओर से अखिल भारतीय संस्कृति महोत्सव का आयोजन 29 नवंबर को होगा। यह कार्यक्रम एक दिसंबर तक चलेगा। विद्याभारती संस्कृति शिक्षा संस्थान के निदेशक डॉ. रामेंद्र सिंह ने बताया कि संस्कृति महोत्सव का उद्घाटन प्रदेश के शिक्षा, वन एवं पर्यटन मंत्री कंवरपाल गुर्जर करेंगे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि भारतीय संस्कृति की विभिन्न विद्याओं के मर्मज्ञ इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र संस्कृति मंत्रालय के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानन्द जोशी होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मैगो थर्मल प्राइवेट लिमिटेड नई दिल्ली के प्रबंध निदेशक नवीन गोस्वामी करेंगे। इस कार्यक्रम में विशेष तौर पर थानेसर के विधायक सुभाष सुधा भी उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने कहा कि 29 नवंबर को अखिल भारतीय प्रश्न-मंच, कथा-कथन, आशु भाषण एवं पत्र-वाचन की प्रतियोगिताएं शुरू होंगी, जोकि विभिन्न वर्गों में 30 नवंबर तक चलेंगी। इन प्रतियोगिताओं में देशभर के 11 क्षेत्रों में प्रथम रही टीमें भाग लेंगी। 30 नवंबर को संस्कृति वार्ता का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन सायं काल सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर से आए प्रतिभागी एवं विभिन्न कलाकार भाग लेंगे। एक दिसंबर को कुरुक्षेत्र भ्रमण के माध्यम से हरियाणा संस्कृति का दर्शन कराया जाएगा।