ससुराल पक्ष पर लगाया डंडे व गंडासी से हमला कर जख्मी करने का आरोप, एसपी को सौंपी शिकायत
शहर के खेड़ी मारकंडा की एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर डंडे व गंडासी से हमला कर जख्मी करने की शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी है।
- एसपी ने पुलिस उपाधीक्षक को सौंपी जांच जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : शहर के खेड़ी मारकंडा की एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर डंडे व गंडासी से हमला कर जख्मी करने की शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी है। आरोप है कि उससे ससुराल वालों ने उसे बुरी तरह पीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। विवाहिता ने पुलिस अधीक्षक से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सुभाष चंद्र को सौंपी है।
पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में खेड़ी मारकंडा निवासी राधा रानी ने बताया कि उसकी वर्ष 2006 में हाकम सिंह के साथ शादी हुई थी। शादी से उसके पास एक 15 साल की बेटी व 13 साल का बेटा है। आरोप है कि शादी के बाद से उसका पति और ससुराल पक्ष के लोग उससे मारपीट करते थे। इससे तंग आकर उसने पति व ससुराल वालों के खिलाफ अदालत में याचिका दायर की थी। इसका फैसला उसके हक में आया था। आरोप है कि 26 जून की रात आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की। उसके पति व जेठ ने डंडे व गंडासी से हमला किया। आरोपितों ने उसकी स्कूटी भी तोड़ दी। गंडासी लगने से वह बेहोश हो गई। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। आरोप है कि आरोपित उसे बार-बार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस उपाधीक्षक सुभाष चंद्र ने बताया कि विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।