बाइक लेकर घर से गए 34 वर्षीय युवक का चार दिन बाद मिला शव
कस्बे की कटारिया बस्ती से रविवार रात गायब हुए 34 वर्षीय युवक अरुण कुमार उर्फ अनूप कटारिया की चार दिन बाद बृहस्पतिवार को इंद्री के पास पश्चिमी यमुना नहर में शव मिला है।
संवाद सहयोगी लाडवा : कस्बे की कटारिया बस्ती से रविवार रात गायब हुए 34 वर्षीय युवक अरुण कुमार उर्फ अनूप कटारिया की चार दिन बाद बृहस्पतिवार को इंद्री के पास पश्चिमी यमुना नहर में शव मिला है। सूचना मिलते मृतक के परिजन और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। शव की पहचान बाजू पर लिखे एके से हुई है। मृतक के परिजनों के शिनाख्त करने के बाद लाडवा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कुरुक्षेत्र भेज दिया।
सोमवार को अरुण कुमार उर्फ अनूप कटारिया की पत्नी शशी कटारिया ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि रविवार रात उसका पति शाम आठ बजे घर से सब्जी लेने के लिए बाइक पर गया था। बाजार से सब्जी लाकर वह दोबारा बाइक पर चला गया कि वह आ रहा है, तब तक खाना तैयार रखो, लेकिन वह वापिस नहीं आया। नौ बजे उसके नंबर पर कई बार फोन किया, लेकिन नहीं उठाया। करीब 10 बजे मोबाइल बंद हो गया। उसके बाद से कोई अता-पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शशी की शिकायत पर मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। बाक्स
इंद्री के मक्कू माजरा के पास नहर में मिला शव बृहस्पतिवार को पुलिस को सूचना मिली कि इंद्री के पास मक्कू माजरा गांव के पास पश्चिमी यमुना नहर में एक शव बह रहा है। करनाल पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला। इससे पहले मृतक की वह बाइक पुलिस को भाखड़ा नहर पर शेरगढ़-नठौंड़ी के पास पुल पर खड़ी मिली थी। बाक्स
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
अरुण कुमार का नहर में शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार रविवार को उनके पास किसी व्यक्ति का फोन आया था और उसके बाद ही वह बाइक लेकर घर से निकला था। बाक्स
अपने पीछे पत्नी व दो बच्चे छोड़ गया अरुण
अरुण कुमार अपने पीछे अपनी पत्नी शशी और एक लड़की व एक लड़का छोड़ गया है। अरुण कुमार की 14 फरवरी, 2010 में शशी कटारिया के साथ शादी हुई थी। उसके पास पांच वर्षीय बड़ी लड़की हर्षदीप और चार वर्षीय लड़का नक्श है। अरुण लाडवा की गैस एजेंसी में काम करता था। वह अंबाला के सांसद रतनलाल कटारिया के नजदीकी परिवार से था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का चलेगा पता : थानाध्यक्ष
लाडवा थानाध्यक्ष सुरेंद्र ¨सह ने कहा कि मृतक की पत्नी की शिकायत पर पहले ही मामला दर्ज किया हुआ है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी। मृतक के मोबाइल नंबर की डिटेल की भी जांच की जा रही है। इसमें जो भी आरोपित पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।