विदेश भेजने के नाम पर 12 लाख की धोखाधड़ी करने केआरोपित से 20 हजार बरामद
पिहोवा। पिहोवा थाना पुलिस ने अमेरिका भेजने के नाम पर 12 लाख की धोखाधड़ी करने के आरोपित से 20 हजार रुपये बरामद किए हैं।
संवाद सहयोगी, पिहोवा : पिहोवा थाना पुलिस ने अमेरिका भेजने के नाम पर 12 लाख की धोखाधड़ी करने के आरोपित से 20 हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपित ने पिहोवा कोर्ट में आत्मसर्म्पण किया था। जिसके बाद उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया था। पुलिस ने शनिवार को न्यायालय में उसे फिर पेश किया। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
थाना सदर पिहोवा में तैनात सब इंस्पेक्टर जानपाल सिंह ने बताया कि 30 जुलाई को सरस्वती खेड़ा भट्टमाजरा निवासी रोहित कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि कुरुक्षेत्र निवासी गुरजेंट सिंह से फोन पर विदेश जाने को लेकर बात हुई थी। रजेंट सिंह ने उनके गांव भट्टमाजरा स्थित दुकान पर आकर 12 लाख रुपये में अमेरिका भेजने की बात कही थी। आरोपित 25 मई 2019 को उनके गांव आया और अग्रिम राशि के तौर पर दो लाख रुपये नकद व उसका पासपोर्ट ले गया। बाकी 10 लाख रुपए अमेरिका पहुंचने के बाद देने की बात तय हुई। गुरजेंट ने 28 मई 2019 को उसे दिल्ली एक होटल में बुलाया। जहां उसे एक आदमी मिला जिसने पासपोर्ट व इक्वाडोर के लिए फ्लाइट की टिकट दी। उसने कहा कि आगे पहुंचने पर उसे टिकट मिलती रहेगी। 29 मई को उसने फ्लाइट पकड़ी व एक जून को वह इक्वाडोर पहुंच गया। यहां उसे आगे की कोई फ्लाइट नहीं होना बताया। उसे जंगलों के रास्ते मैक्सिको तक ले जाया गया। मैक्सिको में ले जाकर बाकी राशि भी उसके घर से ले ली। आरोपितों ने 27 अगस्त 2019 को अमेरिका का बॉर्डर पार करवा दिया था। जहां उसे अमेरिका पुलिस ने काबू कर जेल में डाल दिया। उसे अमेरिकी सरकार ने डिपोर्ट कर वापस भारत भेज दिया। पुलिस ने आरोपित गुरजेंट सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया था।