रसोई के कचरे से खाद बनाने के लिए 20 घरों ने की शुरुआत : उमा सुधा
जागरण संवाददाता कुरुक्षेत्र नगर परिषद अध्यक्ष उमा सुधा ने कहा कि थानेसर शहर को स्वच्छ बनाने की मुहिम के तहत सबसे पहले घरों में रसोई के कचरे से खाद बनाने की कार्य को शुरु कर दिया गया है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : नगर परिषद अध्यक्ष उमा सुधा ने कहा कि थानेसर शहर को स्वच्छ बनाने की मुहिम के तहत सबसे पहले घरों में रसोई के कचरे से खाद बनाने की कार्य को शुरु कर दिया गया है। इस मुहिम को युद्धस्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा और दूसरे दिन ही इस अभियान के साथ शहर की 20 से ज्यादा महिलाएं जुट चुकी हैं और यह कारवां तेज गति के साथ आगे बढ़ता जाएगा।
नप अध्यक्ष उमा सुधा सेक्टर सात स्थित हरियाणा राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ज्वैल सिगला की धर्मपत्नी अंजलि सिगला के निवास पर रसोई के कचरे से खाद बनाने के पिट स्थापित करने के बाद महिलाएं से बातचीत कर रही थी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत रसोई के कचरे का प्रबंध करना सबसे जरुरी है, क्योंकि रसोई के कचरे से बहुत अच्छी जैविक खाद तैयार की जा सकती है, इससे रसोई का कचरा सड़कों पर नहीं फैलेगा और इस कचरे से बनी खाद से बाग-बगीचों में हरियाली आएगी। इस अभियान के दूसरे दिन शहर की 20 से ज्यादा महिलाएं जुड़ चुकी है।
उन्होंने अंजलि सिगला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत की इस मुहिम को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, इस योगदान से शहर की अन्य महिलाएं भी आगे आएंगी। महिलाएं घर के बेहतर प्रबंधन में मुख्य भूमिका निभाने के साथ-साथ पूरे परिवार को संभालने का काम करती है। इसके साथ-साथ अगर महिलाएं घर में इकट्ठा होने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखकर उसका बेहतर तरीके से निपटान करे तो कुरुक्षेत्र को स्वच्छ करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकती है।