मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदली, फायरिग में एक युवक गंभीर
यमुना क्षेत्र से सटे पीर बड़ौली के पास उत्तरप्रदेश के रहने वाले दो पक्षों में मामूली कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिग कर दी।
संवाद सहयोगी, घरौंडा(करनाल) : यमुना क्षेत्र से सटे पीर बड़ौली के पास उत्तरप्रदेश के रहने वाले दो पक्षों में मामूली कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिग कर दी। गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को उप्र के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। घरौंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार उत्तरप्रदेश के बड़ा ख्वाजापुर निवासी फाजिल के पीर बड़ौली के नजदीक खेत हैं। गुरुवार को फाजिल व बिलाल भैंसों को लेकर खेतों की तरफ जा रहे थे। रास्ते में उसी के गांव के नासिर व हासिफ ने उनको रोका और लड़ाई झगड़ा शुरू कर दिया। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को शांत कराया घर भेज दिया। कुछ ही देर के बाद नासिर व हासिफ बाइक पर वापस आए और फायर शुरू कर दिए। गोली बिलाल की टांग पर जा लगी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई और भीड़ जुटने लगी, जिसे देख आरोपित मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में बिलाल को उत्तरप्रदेश के झिझाणा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए मुज्जफरनगर रेफर कर दिया और वहां से भी उसे मेरठ भेज दिया गया। पीड़ित पक्ष ने मामले की सूचना झिझाणा थाने में दी, लेकिन घटनास्थल हरियाणा में होने के कारण उप्र पुलिस ने उन्हें घरौंडा थाने भेज दिया। पुलिस ने घायल के भाई फाजिल की शिकायत पर नासिर व हासिफ के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वर्जन-
पीर बड़ौली के पास उत्तरप्रदेश के युवकों के बीच झगड़ा हुआ था। झगड़े में हुई फायरिग से एक युवक बिलाल को टांग में गोली लगी है। पीड़ित के भाई फाजिल की शिकायत पर आरोपित नासिर व हासिफ के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन जारी है।
-इंस्पेक्टर सचिन कुमार, थाना प्रभारी घरौंडा