करनाल में रोडवेज बस की टक्कर से युवक की मौत, स्ट्रेचर पर शव को लेकर अस्पताल से भागा साथी; सर्विस रोड तक घसीटकर ले गया
घरौंडा में नेशनल हाईवे पर हरियाणा रोडवेज बस और मोटरसाइकिल की टक्कर में एक युवक रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी कर्ण घायल हो गया।

रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी ने अस्पताल में मचाया हंगामा।
जागरण संवाददाता, घरौंडा। घरौंडा में नेशनल हाईवे के सर्विस रोड पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा रोडवेज की बस और मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस दोनों युवकों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद अस्पताल में उस समय स्थिति बेहद भावुक और तनावपूर्ण हो गई, जब मृतक के साथ मौजूद उसका घायल साथी अपने रिश्तेदार की मौत की खबर सुनकर आपा खो बैठा। उसने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया और स्ट्रेचर पर रखे मृतक के शव को लेकर अस्पताल से बाहर निकलने का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को हरियाणा रोडवेज की बस और मोटरसाइकिल के बीच घरौंडा में हाईवे के सर्विस रोड पर टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने बाइक सवार रोहित को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया, जबकि उसका साथी कर्ण घायल था। बताया जा रहा है कि दोनों गांव कोहंड के रहने वाले हैं और आपस में रिश्तेदार हैं।
रोहित की मौत की जानकारी मिलते ही कर्ण बुरी तरह विचलित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया और स्ट्रेचर पर रखे रोहित के शव को अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। अस्पताल में मौजूद स्टाफ ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।
-1790596347953.webp)
घायल युवक स्ट्रेचर को खींचते हुए अस्पताल से बाहर सर्विस रोड की तरफ ले गया। इस दौरान स्ट्रेचर पर रोहित का शव पड़ा हुआ था। अस्पताल के बाहर मौजूद लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो उन्होंने युवक को रोकने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने उसे रोका और मामले की सूचना पुलिस को दी।
इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। लोगों की मदद से शव को दोबारा अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

एक तरफ सड़क हादसे में युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं दूसरी ओर अपने साथी और रिश्तेदार को खोने के बाद घायल कर्ण की हालत देखकर अस्पताल में मौजूद लोग भी भावुक हो गए। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों के अस्पताल पहुंचने की सूचना है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा कैसे हुआ, रोडवेज बस की गति कितनी थी और मोटरसाइकिल किस स्थिति में बस की चपेट में आई, इन सभी पहलुओं को लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस द्वारा हादसे से जुड़े प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही हादसे की पूरी स्थिति और दुर्घटना के वास्तविक कारण सामने आ सकेंगे।
