विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करनाल के होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक शव, ससुराल वालों पर हत्या कराने का लगा आरोप

Published: Wed, 30 Sep 2026 12:57 AM (GMT+05:30)

करनाल के मीरा घाटी स्थित ब्राइट होटल में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मृतक के स्वजनों ...और पढ़ें

होटल में युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, ससुराल पक्ष पर हत्या कराने का आरोप।

होटल में युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, ससुराल पक्ष पर हत्या कराने का आरोप।

HighLights

  1. युवक कुलविंद्र का शव करनाल के ब्राइट होटल में मिला।

  2. स्वजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया।

  3. पुलिस ने जांच शुरू की, स्वजनों ने शव लेने से मना किया।

जागरण संवाददाता, करनाल। मीरा घाटी के समीप ब्राइट होटल में रविवार रात एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला है। मंगलवार को मृतक के स्वजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और ससुराल पक्ष युवक की हत्या कराने का आरोप लगाया है।

इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, लेकिन स्वजन ने शव लेने से इनकार करते हुए पहले मामले की पूरी जांच कराने की मांग की।

शाहाबाद के रावा गांव निवासी उर्मिला ने बताया कि उनका 35 वर्षीय इकलौता बेटा कुलविंद्र गनौर में काम करता था। वह पिछले कुछ वर्षों से बेटे के साथ तरावड़ी में रह रही थी। कुलविंद्र दो दिन पहले ही काम से घर आया था।

रविवार को उचाना निवासी शेखर और तरावड़ी के दो युवक उसे घर से बुलाकर ले गए थे। रात को सूचना मिली कि कुलविंद्र का शव मीरा घाटी के समीप ब्राइट होटल में मिला है। तीनों युवक वहां से चले गए थे।

होटल में शेखर के नाम से कमरा बुक था, जबकि कुलविंद्र का शव दूसरे कमरे में मिला। उसके नाक से खून निकल रहा था और हाथ की उंगलियों पर कट के निशान थे। हालांकि पुलिस के अनुसार उंगलियों को चूहे ने कुतरा हुआ है।

स्वजन का कहना है कि कुलविंद्र का पत्नी पूनम के साथ करीब पांच साल से विवाद चल रहा था। इसी वजह से उन्हें ससुराल पक्ष पर हत्या कराने का शक है। होटल में नशे की सीरिंज सहित अन्य वस्तुएं पुलिस ने बरामद की है।

12 साल पहले हुई थी शादी, दो बच्चों का पिता था कुलविंद्र

कुलविंद्र की शादी करीब 12 साल पहले पूनम से हुई थी। वह एक बेटा और एक बेटी का पिता था। स्वजन के अनुसार पत्नी के साथ विवाद के चलते वह कुछ समय से अपनी मां के साथ तरावड़ी में रह रहा था। तरावड़ी में ही उसकी ससुराल है। उसकी बड़ी बहन शादीशुदा है।

रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे होटल में युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। मामले की जांच की जा रही है। मृत युवक की उंगलियों को चूहे ने कुतरा हुआ है। होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -सलिंद्र कुमार, सिटी थाना जांच अधिकारी।