Move to Jagran APP

करनाल में यमुना पानी बढ़ने से पांच गांवों का संपर्क टूटा

ताजेवाला हथिनी कुंड बैराज से यमुना में छोड़े गए पानी से यमुना उफान पर है। इंद्री क्षेत्र में यमुना से सटे 12 गांवों में देर शाम बाढ़ आ गई।

By JagranEdited By: Published: Mon, 19 Aug 2019 10:02 AM (IST)Updated: Mon, 19 Aug 2019 10:02 AM (IST)
करनाल में यमुना पानी बढ़ने से पांच गांवों का संपर्क टूटा
करनाल में यमुना पानी बढ़ने से पांच गांवों का संपर्क टूटा

जागरण संवाददाता, गढ़ीबीरबल : (करनाल) : ताजेवाला हथिनी कुंड बैराज से यमुना में छोड़े गए पानी से यमुना उफान पर है। इंद्री क्षेत्र में यमुना से सटे 12 गांवों में देर शाम बाढ़ आ गई। पांच गांवों का आपसी संपर्क टूट गया है। सड़कें पानी में डूब जाने के कारण वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। धान की फसल पानी में डूब गई है। अब लोगों को यमुना के पानी का घरों में घुसने का डर सता रहा है। बाढ़ की सूचना मिलने के बाद डीसी विनय प्रताप सिंह व जिला प्रशासन ने घटनास्थल का दौरा किया और हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रशासन की तरफ से फ्लड कंट्रोल रूम बनाया गया है। इधर बाढ़ के कारण यमुना से सटे 22 सरकारी स्कूलों व निजी स्कूलों को प्रशासन ने आगामी आदेशों तक बंद करने के निर्देश जारी किए हैं। बाढ़ के कारण बनी विकराल स्थिति को लेकर स्थानीय लोग सहमे हुए हैं।

loksabha election banner

गौरतलब है कि रविवार सुबह हथिनी कुंड बैराज से 7 लाख 87 हजार 277 क्यूसिक पानी छोड़ा गया, जिस कारण से यमुना से सटे क्षेत्र बाढ़ की चपेट में आ गए हैं।

ये गांव आए बाढ़ की चपेट में

यमुना उफान पर होने के कारण कलसौरा, चंद्राव, जपती छपरा, नगली, नबियाबाद, गढ़पुर टापू, खुखनी, हंसुमाजरा, चौगावां, सैयद छपरा, कमालपुर रोडान, कमालपुर गडरियान बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। खेतों में पानी घुस चुका है।

इन गांवों का संपर्क टूटा

बाढ़ के पानी के कारण कलसौरा से सैयद छपरा, छपती छपरा, नबियाबाद व माजरी की ओर जाने वाली सड़क पानी में पूरी तरह से डूब चुकी है। वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से बंद हो गई है। इन गांवों का संपर्क आपस में बिल्कुल टूट गया है।

यमुना बांध के अंदर आने वाले यह स्कूल रहेंगे बंद

बाढ़ के कारण जिला प्रशासन की ओर से 22 सरकारी और निजी स्कूलों की छुट्टियां कर दी गई हैं। आगामी आदेशों तक यह बंद रहेंगे। जिसमें इंद्री ब्लॉक के चौगांवा, हंसू माजरा, चंद्राव, गढ़ीबीरबल, नबियाबाद, जपती छपरा, सैयद छपरा, कमालपुर गडरियान, डबकौली खुर्द शामिल हैं। यमुना बांध के समीप यह स्कूल रहेंगे बंद

इंद्री के डबकौली कलां, कुंजपुरा क्षेत्र के शेरगढ़ टापू, जड़ौली, नबीरपुर, कुंडा कलां। करनाल ब्लॉक के जम्मू खाला, मुस्तफाबाद, ढाकवाला गुजरान, दिलावरा। घरौंडा ब्लॉक के लालूपुरा, सदरपुर, मुंडीगढ़ी, बल्हेड़ा गांव के स्कूल बंद रहेंगे।

रात में ग्रामीण देंगे ठीकरी पहरा

सुरेंद्र, राजेंद्र, करनैल, राजकुमार ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारी बेशक तसल्ली दे रहे हैं, बावजूद सुरक्षा की हिदायत से ठीकरी पहरा लगाया जाएगा। पशुओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए रात पर जागकर पानी के लेवल की जांच की जाती रहेगी। गुरुद्वारा, सरकारी स्कूल, मंदिर व धर्मशाला के सेवादारों को सतर्क किया गया है। डीसी ने इंद्री व घरौंडा क्षेत्र का किया दौरा

डीसी विनय प्रताप सिंह ने इंद्री और घरौंडा क्षेत्र के यमुना के साथ लगते गांवों में ग्रामीणों को सख्त हिदायत जारी करते हुए कहा है कि कोई भी नदी के पास ना जाए और न ही नदी में नाव आदि लेकर जाए। किसानों को भी यमुना तट के साथ लगते खेतों में ना जाने की अपील की जाती है। प्रशासनिक तैयारियां

- लोगों की सुरक्षा के लिए सिचाई विभाग, राजस्व विभाग तथा पुलिस विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है।

- स्वास्थ्य विभाग तथा पशु पालन विभाग को भी बाढ़ आने की स्थिति में राहत पहुंचाने के लिए तैयार रहने को कहा गया।

- उपरोक्त सभी विभागों को अगले 48 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।

- अधिकारियों तथा कर्मचारियों को अपना स्टेशन ना छोड़ने के लिए भी आदेश दिए गए हैं।

- बाढ़ राहत उपकरण व सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए फ्लड कंट्रोल रूम बनाया

बाढ़ की सूचना मिलने के बाद प्रशासन की ओर से फ्लड कंट्रोल रूम बनाया गया है। किसी भी किनारे के टूटने तथा पानी के ऑवरफ्लो होकर गांव में घुसने की स्थिति की सूचना कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर - 2267271 तथा पुलिस कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 100 पर सांझा करें।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.