टोल प्लाजा पर शौचालय गई महिला का अपहरण, दो लोगों ने किया सामूहिक दुष्कर्म
हरियाणा में करनाल के पास टो प्लाजा पर शौचालय गई महिला को दो लोगों ने अगवा कर लिया और इसके बाद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
घरौंडा (करनाल), जेएनएन। हरियाणा में अब टाेल प्लाजा भी महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं रह गए हैं। करनाल के पास बसताड़ा टोल प्लाजा पर शौचाालय गई महिला का दो लोगों ने अपहरण कर लिया। इसके बाद दोनों ने उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। इस घटना से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना से टोल प्लाजा पर सुरक्षा की स्थिति पर सवाल पैदा हो गया है।
महिला टोल प्लाजा के शौचालय गई थी और उसका पति टोल प्लाजा के पास इंतजार कर रहा था। शाैचालय में पहले से दो लोग मौजूद थे और वे महिला को चाकू की नोक पर पास के ही कुटेल फ्लाइओवर के पास ले गए और उससे दुष्कर्म किया। कुछ ही दूरी पर महिला का पति उसके शौचालय से लौटने का इंंतजार करता रहा।
पति करता रहा महिला के आने का इंतजार, पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ दर्ज किया केस
पुलिस को लुधियाना निवासी पीडि़ता ने बताया कि रविवार रात वह पति के साथ दिल्ली से घर लौट रही थी। रात 12 बजे वह अपने पति के साथ बसताड़ा टोल प्लाजा पर बस से उतर गई। दोनों अपने रिश्तेदार के इंतजार में खड़े थे। इस दौरान वह टोल पर बने शौचालय में गई।
महिला ने बताया कि शौचालय के बाहर दो व्यक्ति खड़े थे। वह शौचालय में गई तो दोनों ने उस पर चाकू तान दिया और जबरन उसे वहां से ले जाने लगे। पीडि़ता ने बताया कि दोनाें व्यक्ति उसे टोल प्लाजा से कुछ दूरी पर स्थित फ्लाइओवर के पास ले गए और उससे बारी-बारी दुष्कर्म किया। दंपती के बयान पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।