गढ़ी साधान गांव में विवाहिता ने की आत्महत्या
काफी दिनों से पूजा के ससुराल वाले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। विरोध करने पर पति राजीव उसके साथ मारपीट करता था।
जागरण संवाददाता, करनाल : गढ़ी साधान में विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के पिता का आरोप है कि उसकी हत्या की गई है। उन्होंने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया। पुलिस ने पिता की शिकायत पर पति, जेठ, जेठानी व सास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
भैणीखुर्द निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि तीन साल पहले बेटी पूजा की शादी गांव गढ़ी साधान निवासी राजीव के साथ की थी। उनका दो साल का एक बेटा भी है। काफी दिनों से पूजा के ससुराल वाले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। विरोध करने पर पति राजीव उसके साथ मारपीट करता था। शुक्रवार शाम 7 बजे उनके पास फोन आया कि पूजा ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली है। कृष्ण ने आरोप लगाते हुए कहा कि पूजा के ससुराल वालों ने उसकी हत्या की है।
इंद्री थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर लिया है। जांच कर रहे हैं। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लेंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप