केवल 23 ही क्यों, सभी 66 अवैध कॉलोनियां वैध करे सरकार
कॉलोनी वैध करने के लिए लगाए विकास शुल्क के विरोध में अवैध कॉलोनियों के लोग एक बार फिर सड़क पर उतर आए।
जागरण संवाददाता, करनाल : कॉलोनी वैध करने के लिए लगाए विकास शुल्क के विरोध में अवैध कॉलोनियों के लोग एक बार फिर सड़क पर उतर आए।
शुक्रवार को जागरूक संघर्ष समिति के बैनर तले करनाल की 66 कॉलोनियों के प्रतिनिधियों ने फव्वारा पार्क में बैठक की। इसमें कई सवाल उठे। पहला कि केवल 23 कॉलोनियां ही वैध क्यों? सभी 66 क्यों नहीं। सरकार से दूसरा सवाल था कि जब 2012-13 में हुड्डा कार्यकाल में 27 कॉलोनियां 120 रुपये विकास शुल्क देकर वैध हो गई थी तो अब 600 से एक हजार प्रति वर्ग मीटर चार्ज क्यों। क्या यह वैधता बेचने के समान नहीं है। उन्होंने अल्टीमेटम दिया कि एक महीने में यह शुल्क हटाया जाए, नहीं तो आंदोलन और तेज होगा।
अवैध कॉलोनी के प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार बिना भेदभाव के कार्य करे। 2016 में भी इसके विरोध में नगर निगम कार्यालय में डेढ़ महीना प्रदर्शन चला था। तब 50 प्रतिशत शुल्क पहले जमा कराना था। इसके बाद कॉलोनी वैध होती। अब घोषणा पहले हो चुकी है और यह विकास शुल्क बाद में देना है लेकिन सरकार की यह नीति लोगों को रास नहीं आ रही है। इसलिए आज तक किसी ने विकास शुल्क जमा नहीं कराया।
सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
बैठक के बाद प्रदर्शन करते हुए लोग जिला सचिवालय पहुंचे। यहां नायब तहसीलदार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नाम ज्ञापन सौंपकर 66 कॉलोनियों को नियमित करने की मांग की।
एक महीने में वापस लें विकास शुल्क का फैसला : लाठर
जागरूक संघर्ष समिति के अध्यक्ष वीर सिंह लाठर ने कहा कि सरकार एक महीने के भीतर विकास शुल्क का फैसला वापस ले। सभी कॉलोनियों को नियमित किया जाए। जिन कॉलोनियों को नियमित कर दिया गया है उनमें मूलभूत सुविधाएं प्रदान करें।
चेतावनी : जन प्रतिनिधियों का करेंगे घेराव
प्रतिनिधियों ने कहा कि नगर निगम में एनओसी की शर्त हटाकर जाति रिहायशी प्रमाण पत्र बनाए जाएं। ताकि नगर निगम से बनने वाले कागजों में कठिनाई न आए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो जागरूक संघर्ष समिति करनाल शहर की सभी कॉलोनियों में जन संपर्क कर लोगों को जागरूक करके सरकार के जन प्रतिनिधियों का घेराव करेगी।
साजिश के तहत बढ़ाए वैध की कॉलोनियों के कलेक्टर रेट : राजेंद्र
आंदोलन का संचालन कर रहे बसंत विहार वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव राजेंद्र आर्य ने कहा कि सरकार ने सोची समझी साजिश के चलते वैध की गई 23 कालोनियों में कलेक्टर रेट बढ़ा दिए हैं। बाकी की 43 कॉलोनियों में भी कलेक्टर रेट बढ़ाने की साजिश रची जा रही है।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर राजेंद्र आर्य, एसपी त्यागी, बसंत विहार वेलफेयर एसोसिएशन प्रधान महावीर ¨सह मान, रामकुमार, महाबीर, जय भगवान शर्मा, सुंदर राणा, महावीर, भू¨पद्र नौतना, विनोद सैणी व सुरेंद्र रावत सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।