नौकरानी बनकर आईं दो महिलाएं, पहले दिन ही कर दिया दो लाख की नकदी व जेवरात पर हाथ साफ
बिना पहचान पत्र के दो महिलाओं को घर में नौकरानी के तौर पर रखना पड़ा महंगा
जागरण संवाददाता, करनाल : बिना पहचान पत्र के दो महिलाओं को घर में नौकरानी के तौर पर रखना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। नौकरानी रखी दो महिलाएं पहले ही दिन दो लाख की नकदी व लाखों के जेवरात चुराकर फुर्र हो गई। घटना करीब छह दिन पहले की बताई जा रही है।
सेक्टर 14 में रहने वाले चंद्र प्रकाश ने पुलिस को शिकायत दी है, जिसमें उन्होंने बताया कि उनके पास आठ दिसंबर को सुबह करीब साढ़े 10 बजे दो महिलाएं नौकरानी के तौर पर काम करने के लिए आई। उन्होंने खाना बनाने का काम करने को कहा। महिलाओं से उनकी पहचान के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि वे दोपहर बाद जब खाना बनाने के लिए आएंगी, अपना आधार कार्ड व मोबाइल नंबर ले आएंगी। भरोसा करते हुए उन्होंने उन्हें काम पर रख लिया। उन्होंने 2.30 बजे तक काम किया और कह कर गई कि वे शाम साढ़े तीन के बाद आएंगी। लेकिन वे दोनो शाम 5.30 तक भी नहीं आयी। शुक्रवार को उन्होंने अपने घर की जांच की तो बैग व अल्मारी के लॉकर में रखे दो लाख चार हजार रुपये के अलावा चार तोले सोने के गहने गायब मिले। घर में कुछ गर्म कपड़े भी नहीं मिले। चोरी की इस वारदात को अंजाम उक्त दोनों महिलाओं ने ही दिया है। वे उनकी अपने स्तर पर तलाश करते रहे, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। वहीं अब पुलिस में शिकायत दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों अज्ञात महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी राम आसरे का कहना है कि आरोपित महिलाओं की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं और आरोपित महिलाओं को जल्द काबू कर लिया जाएगा।