छापेमारी कर दो क्विंटल पोलिथिन जब्त, 33 हजार रुपये लगाया जुर्माना
पोलिथिन की ब्रिकी के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। नगर निगम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रेड कर करीब सवा 2 क्विंटल पोलिथिन कैरीबैग जब्त किया और लगभग 33 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया।
जागरण संवाददाता, करनाल : पोलिथिन की ब्रिकी और इसके स्टोरेज के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। पहली बार नगर निगम, पोल्यूशन कंट्रोल बोर्ड और मार्केट कमेटी के सदस्यों की ओर से शनिवार को संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रेड कर करीब सवा 2 क्विंटल पोलिथिन कैरीबैग जब्त किया और लगभग 33 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। टीम में पोल्यूशन कंट्रोल बोर्ड से एसडीओ शेलेंद्र अरोड़ा, नगर निगम से सफाई निरीक्षक संदीप व मोटीवेटर टीम तथा मार्केट कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
नगर निगम आयुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया कि यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और आगामी 2 अक्तूबर तक शहर में पोलिथिन कैरीबैग नहीं मिलेंगे। सिगल यूज प्लास्टिक पर भी पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम लगातार दुकानों पर चेकिग और रेड भी करेगा, ताकि अभियान को सफल बनाया जा सके।