काजू के छिलके के नीचे छिपाकर 1.35 करोड़ का गांजा ला रहे थे चाचा-भतीजा, करनाल से गिरफ्तार
करनाल में एंटी नारकोटिक्स सेल ने काजू के छिलके के नीचे छिपाकर लाए जा रहे 1.35 करोड़ रुपये के गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
-1793259855775_m.webp)
करनाल से आरोपी गिरफ्तार (जागरण फोटो)
HighLights
1.35 करोड़ रुपये का गांजा बरामद किया गया
गांजा काजू के छिलके के नीचे छिपाकर लाया जा रहा था
चाचा-भतीजा तस्कर 10 दिन के पुलिस रिमांड पर
जागरण संवाददाता, करनाल। जीटी रोड पर कोहंड के समीप मंगलवार रात एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम द्वारा पकड़े गए दोनों नशा तस्करों को बुधवार को अदालत में पेश किया गया।
अदालत ने दोनों आरोपितों को 10 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। दोनों आरोपित चाचा-भतीजा हैं। पुलिस ने टाटा ट्रक से काजू के छिलके के नीचे छिपाकर रखे गए 519 किलो 900 ग्राम गांजा फुलपत्ती बरामद की थी, जिसकी कीमत करीब 1.35 करोड़ रुपये बताई है।
एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी उपनिरीक्षक राजन कुमार ने बताया कि टीम ने मंगलवार रात सूचना के आधार पर घरौंडा के समीप टाटा ट्रक को काबू किया था। ट्रक में काजू का छिलका भरा हुआ था।
जांच के दौरान उसके नीचे से गांजा फुलपत्ती के 19 कट्टे बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने चाचा बिलाल और उसके भतीजे यहूदा निवासी गांव फिरोजपुर नमक, तहसील नूंह, जिला मेवात को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों के खिलाफ घरौंडा थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपित गांजे की खेप उड़ीसा से सस्ते दाम पर खरीदकर लाए थे।
उनकी योजना इसे करनाल सहित अन्य क्षेत्रों में महंगे दाम पर बेचने की थी। जिस ट्रक में गांजा छिपाकर लाया जा रहा था, वह बिलाल का है और वह खुद ही ट्रक चलाता है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपितों से नशे की खेप से जुड़े अन्य पहलुओं के बारे में पूछताछ की जाएगी।
